
कांकेर। ग्रामसभा की सशक्त भूमिका एवं वन संसाधन प्रबंधन को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से सुंदरम होटल, कांकेर में 07 एवं 08 सितम्बर 2026 को दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण का आयोजन उन्नती समाज सेवी संस्था, कांकेर द्वारा किया गया, जिसमें कुल 17 प्रतिभागियों ने सक्रिय सहभागिता की। प्रशिक्षण का संचालन प्रशिक्षक बलराम पटोड़ी द्वारा किया गया तथा प्रतिदिन प्रातः 10:00 बजे से शाम 5:30 बजे तक सत्र आयोजित हुए।
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य प्रतिभागियों को ग्रामसभा की भूमिका, उसकी कार्यप्रणाली एवं सदस्यों की जिम्मेदारियों के साथ-साथ वन अधिकार समिति (FRC) एवं सामुदायिक वन संसाधन प्रबंधन समिति (CFRMC) के दायित्वों से अवगत कराना था। इसके साथ ही ग्रामसभा की प्रक्रिया को व्यवहारिक रूप से समझाने के लिए विशेष रूप से ग्रामसभा का डेमो भी प्रस्तुत किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान ग्रामसभा की संरचना, निर्णय लेने की प्रक्रिया, सदस्यों की सहभागिता तथा पारदर्शिता के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। ग्रामसभा डेमो के माध्यम से बैठक संचालन, एजेंडा प्रस्तुति, प्रस्ताव पारित करने की प्रक्रिया एवं सामूहिक निर्णय लेने की प्रणाली को व्यावहारिक रूप में समझाया गया। प्रतिभागियों को विभिन्न भूमिकाएं निभाने का अवसर भी दिया गया, जिससे उनकी समझ और अधिक मजबूत हुई।
इसके अलावा वन अधिकार समिति एवं सामुदायिक वन संसाधन प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों की भूमिका, जिम्मेदारी एवं जवाबदेही पर भी विस्तृत जानकारी दी गई। ग्रामसभा एवं समितियों के बीच समन्वय स्थापित करने के तरीकों पर भी चर्चा की गई।
प्रशिक्षण में दस्तावेजीकरण एवं अभिलेख प्रबंधन को भी विशेष महत्व दिया गया। प्रतिभागियों को बैठक कार्यवाही, प्रस्ताव एवं अन्य अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण और उपयोग के बारे में जानकारी दी गई, जिससे पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित की जा सके।
दो दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों ने विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी की और विषयों को व्यवहारिक रूप से समझा। प्रशिक्षण को सहभागी, ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी बताया गया।



