
देहरादून: उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश का असर जनजीवन पर साफ दिखाई दे रहा है। मंगलवार सुबह केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग कई जगह मलबा और बड़े पत्थर गिरने से बंद हो गया। वहीं मसूरी में भी भूस्खलन, पेड़ गिरने और जलभराव से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
केदारनाथ हाईवे पर मलबा, रास्ता खोलने का काम जारी

कुंड-काकड़ा गाड़ के बीच पहाड़ी से भारी मलबा और बोल्डर गिरने के कारण यातायात रुक गया। राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग ने जेसीबी और एक्सकेवेटर की मदद से रास्ता साफ करने का काम शुरू कर दिया है। गौरीकुंड के मुनकटिया क्षेत्र और गुप्तकाशी के पास भी मलबा हटाकर सड़क खोलने की कोशिश जारी है।
मसूरी में भूस्खलन से बढ़ी मुश्किलें
मूसलाधार बारिश के कारण मसूरी के कई इलाकों में भूस्खलन हुआ। स्प्रिंग रोड पर एक मकान के ऊपर बड़ा पेड़ गिर गया, जबकि पानी वाले मोड़ पर एक रेस्टोरेंट में दोबारा मलबा आने से नुकसान हुआ। हालांकि किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
प्रशासन ने जारी की सलाह
किमाड़ी-एलकेड़ी मार्ग भी भारी मलबा आने से फिर बंद हो गया। कई सड़कों पर जलभराव और पत्थर गिरने से यातायात प्रभावित रहा। प्रशासन ने लोगों और यात्रियों से खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचने तथा भूस्खलन वाले क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
हरिद्वार। कांवड़ मेले को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए हरिद्वार जिला प्रशासन और पुलिस ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि मेले के लिए सभी विभागों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। जहां भी कोई कमी मिलेगी, उसे तुरंत दूर किया जाएगा।
30 जुलाई से 11 अगस्त तक शिक्षण संस्थान बंद
कांवड़ यात्रा के दौरान भारी भीड़ और यातायात व्यवस्था को देखते हुए 30 जुलाई से 11 अगस्त तक जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूल, कॉलेज, तकनीकी संस्थान तथा आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे। हालांकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए इस दौरान ऑनलाइन कक्षाएं संचालित की जाएंगी।
पहली बार तैनात होंगे साइबर कमांडो
इस बार कांवड़ मेले में पहली बार साइबर कमांडो तैनात किए जाएंगे। ये सोशल मीडिया पर 24 घंटे निगरानी रखेंगे और फर्जी, भ्रामक या एआई से बनाए गए वीडियो पर तुरंत कार्रवाई करेंगे। इसके अलावा डीजे वाहनों के लिए तय नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा।
खाद्य सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा पर जोर
प्रशासन ने खाद्य सुरक्षा विभाग को मिलावटी खाद्य पदार्थों पर कार्रवाई करने और दुकानों पर रेट लिस्ट लगाना अनिवार्य करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि मानसून और निर्माण कार्यों के बावजूद श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यात्रा और बेहतर सुविधाएं प्रशासन की सबसे बड़ी प्राथमिकता रहेंगी।



