Featureछत्तीसगढ़

फेसबुक पर दोस्ती, अनमैरिड बताकर बनाए संबंध, सब-इंस्पेक्टर पर महिला के गंभीर आरोप

सक्ती: जिले में पदस्थ पुलिस सब-इंस्पेक्टर कमल मैरिसा पर एक महिला ने शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण, गर्भपात कराने और आपत्तिजनक फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने इस मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक और आईजी से की है।

महिला का कहना है कि उसने पहले भी कई बार शिकायत की, लेकिन अब तक आरोपित पुलिसकर्मी के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उल्टा उस पर शिकायत वापस लेने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसकी पारिवारिक स्थिति का फायदा उठाकर आरोपी ने उसे और उसकी बेटी को अपनाने का भरोसा दिलाया।

पीड़िता के अनुसार, भरोसा दिलाने के बाद दोनों के बीच प्रेम संबंध बने। इसके बाद आरोपी कई बार उसके घर आया और पति की अनुपस्थिति में शारीरिक संबंध बनाता रहा। बताया गया कि सब-इंस्पेक्टर कमल मैरिसा वर्तमान में किसी थाने में पदस्थ नहीं है, बल्कि 112 की टीम में शामिल है।

महिला ने बताया कि जनवरी 2024 में वह गर्भवती हो गई थी। उसने रायगढ़ जिले के खरसिया में सोनोग्राफी कराई और उससे संबंधित वीडियो आरोपी को भेजा। आरोप है कि इसके बाद सब-इंस्पेक्टर ने उसे बिना जानकारी दिए कुछ टैबलेट दी, जिससे उसका गर्भपात हो गया। इसके बाद भी आरोपी उसके साथ संबंध बनाता रहा।

दूसरी ओर, सब-इंस्पेक्टर कमल मैरिसा ने सभी आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि महिला और उसका पति मिलकर पैसे की मांग कर रहे हैं और न देने पर झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि कुछ महीने पहले बिलासपुर में भी इसी तरह का मामला सामने आया था, जिसमें एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी पर आरोप लगे थे और जांच के बाद उन्हें निलंबित कर दिया गया था।

Related Articles

Back to top button