
नारायणपुर: जिले के मरकाबेडा गांव में आयोजित एक मृत्यु भोज के दौरान गोवंश की हत्या का गंभीर मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, एक परिवार द्वारा आयोजित सामूहिक भोज में कथित रूप से गोवंश का मांस परोसने की तैयारी की जा रही थी।
घटना की सूचना मिलते ही गौ रक्षा दल ने पुलिस को अवगत कराया। इसके बाद पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान स्थल से मांस, सींग सहित गोवंश के अवशेष बरामद किए गए, जिससे मामले की पुष्टि हुई।

प्रारंभिक पूछताछ में मुख्य आरोपित रामलाल वड्डे ने बताया कि उसके पास दो बैल थे। एक बैल की पहले प्राकृतिक मृत्यु हो चुकी थी, जबकि दूसरे को उसने स्वयं मारकर भोज में उपयोग किया। उसने इसे स्थानीय परंपरा से जुड़ा बताते हुए कहा कि मृतक के नाम पर पत्थर स्थापित करने से पहले सामूहिक भोज आयोजित किया जाता है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऐश्वर्य चंद्राकर के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई करते हुए रामलाल वड्डे और शोभी वड्डे को गिरफ्तार किया गया है। दोनों के खिलाफ कृषि पशु परिरक्षण अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



