Featureकांकेरछत्तीसगढ़

उल्लास साक्षरता कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन हेतु विभागों को सौंपे गए दायित्व

कलेक्टर ने बैठक लेकर ‘उल्लास’ की रणनीति पर की चर्चा

उत्तर बस्तर कांकेर 15 अक्टूबर 2024/ कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने आज दोपहर को उल्लास- नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के जिले में सफल क्रियान्वयन के संबंध में बैठक लेकर समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों को सौंपे गए दायित्वों की जानकारी भी दी गई। कलेक्टर ने उक्त कार्यक्रम को प्राथमिकता से लेते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन गंभीरतापूर्वक करने के निर्देश दिए।
जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि इसका उद्देश्य 15 वर्ष और उससे अधिक आयु के असाक्षरों को पढ़ना, लिखना एवं गणित में दक्ष करना है। इस दौरान उन्होंने इसके अंतर्गत सम्मिलित किए गए बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान, महत्वपूर्ण जीवन कौशल, व्यावसायिक कौशल विकास, बुनियादी शिक्षा तथा सतत शिक्षा कार्यक्रम के बारे में जानकारी दी। उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति- 2020 में प्रमुखता से शामिल किए गए प्रौढ़ शिक्षा एवं जीवन पर्यन्त शिक्षा, देशव्यापी परीक्षा, वर्ष 2030 तक शत-प्रतिशत लोगों को साक्षर बनाने का लक्ष्य तथा इस वर्ष 10 लाख असाक्षरों को साक्षर किए जाने के संबंध में बताया। जिला शिक्षा अधिकारी ने उल्लास कार्यक्रम के लिए राज्य शासन द्वारा निर्धारित किए गए अंतरर्विभागीय समन्वय के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि इसके तहत 17 विभागों को टास्क दिया गया है, जिनमें पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, नगरीय प्रशासन, उच्च शिक्षा, आदिवासी विकास विभाग, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, समाज कल्याण, श्रम, वन, कृषि, पशुपालन, जनसम्पर्क, सहकारिता, जल संसाधन, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, परिवहन, कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा, उद्योग, सूचना प्रौद्योगिकी, विधि एवं विधायी, खेल एवं युवा कल्याण, गृह एवं जेल, खाद्य नागरिक आपूर्ति, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी तथा ग्रामोद्योग विभाग शामिल हैं। बैठक के अंत में कलेक्टर श्री क्षीरसागर ने उपस्थित सभी अधिकारियों को नवभारत साक्षरता कार्यकम से जुड़ने तथा शिक्षार्थियों को साक्षर बनाने के लिए प्रेरित करने व इस दिशा में निरंतर प्रयास करने की उल्लास शपथ दिलाई। बैठक में अपर कलेक्टर श्री एस. अहिरवार, श्री बी.एस. उईके, जिला पंचायत सीईओ श्री सुमित अग्रवाल, अपर कलेक्टर श्री जितेन्द्र कुर्रे सहित संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारीगण मौजूद थे।

Related Articles

Back to top button