

उत्तर बस्तर कांकेर, 15 अक्टूबर 2024/कलेक्टर श्री निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर ने आज जिला कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में आवेदकों की समस्याएं सुनीं और उनके निराकरण हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। आज आयोजित कलेक्टर जनदर्शन में स्वास्थ्य केन्द्र में एमबीबीएस डॉक्टर की नियुक्ति करने, कोड़ेजुंगा बाईपास चौराहा में लाईट व्यवस्था कराने, उचित मूल्य दुकान में मिलने वाले गुड़ तथा चना की गुणवत्ता में सुधार लाने, नलजल योजना चालू करवाने सहित विभिन्न प्रकार की मांगों व समस्याओं से संबंधित कुल 71 आवेदन जिले के आवेदकों से प्राप्त हुए।
जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित कलेक्टर जनदर्शन में सरोना तहसील के ग्राम सारवंडी में संचालित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में एमबीबीएम डॉक्टर की नियुक्ति करने तथा उचित मूल्य की दुकान में मिलने वाले गुड़ और चना की गुणवत्ता में सुधार करने के लिए ग्रामीणजनों द्वारा आवेदन प्रस्तुत किया गया। इसी प्रकार ग्राम कोड़ेजुंगा निवासी दिनेश नेताम सहित ग्रामीणों द्वारा बाईपास चौराहा में लाईट व्यवस्था के आवेदन प्रस्तुत किया। इसी प्रकार ग्राम पंचायत आलनार के आश्रित ग्राम तयोरा के प्राथमिक शाला प्रांगण में हैण्डपंप की स्वीकृति, हरहरपानी के ग्रामीणों ने पेयजल की व्यवस्था करवाने, नेटवर्क सुधरवाने तथा नया टावर लगवाने, भूमि वापस दिलवाने, आवासीय मकान दिलाने, रोजगार प्रदान करने, राशन तथा आधार कार्ड बनाने और महतारी वंदन योजना की राशि दिलवाने सहित विभिन्न समस्याओं एवं मांगों को लेकर आवेदन प्राप्त हुए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री एस. अहिरवार, श्री बीएस उईके, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुमित अग्रवाल, अपर कलेक्टर श्री जितेंद्र कुर्रे सहित सभी अनुविभाग के एसडीएम व विभिन्न विभागों के जिला स्तर के अधिकारीगण मौजूद थे।




