Featureछत्तीसगढ़

सरकारी जमीन पर बने 23 मकानों को तोड़ा गया, प्रशासन की कार्रवाई

बलरामपुर-रामानुजगंज। जिले के रामचंद्रपुर विकासखंड के 2 गांव में बुधवार सुबह प्रशासन ने 23 मकानों पर बुलडोजर चलाकर 7 एकड़ 75 डिसमिल सरकारी जमीन को मुक्त कराया। कार्रवाई अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) आनंद राम नेताम के नेतृत्व में राजस्व, पुलिस एवं अन्य विभागों की संयुक्त टीम द्वारा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई।

प्रशासन के अनुसार, कार्रवाई से पूर्व संबंधित भूमि का अभिलेखीय परीक्षण, सीमांकन और विस्तृत सर्वेक्षण कराया गया। अतिक्रमणकारियों को नियमानुसार नोटिस जारी कर स्वेच्छा से भूमि खाली करने का अवसर भी दिया गया। सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद निर्धारित तिथि को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ आम नागरिकों की सुविधाओं और संवेदनशीलता का विशेष ध्यान रखा गया। प्रशासनिक अमले की मौजूदगी में पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुई और किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न नहीं हुई।

अतिक्रमण हटाने के बाद मुक्त कराई गई शासकीय भूमि को पुन: सुरक्षित कर अभिलेखों के अनुरूप दर्ज किया गया है। प्रशासन का कहना है कि इस भूमि का उपयोग भविष्य में जनहित एवं विकास कार्यों के लिए किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के नागरिकों को लाभ मिलेगा।

कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने कहा कि शासकीय भूमि पर अवैध कब्जों को किसी भी स्थिति में प्रोत्साहित नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निगरानी रखने और अतिक्रमण के मामलों में नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक संपत्तियों का संरक्षण प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इस दिशा में अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button