
गुण्डाधूर सम्मान एवं प्रवीरचंद्र भंजदेव सम्मान के लिए 30 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित
उत्तर बस्तर कांकेर, छत्तीसगढ़ शासन, खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर राज्य के सर्वाेत्कृष्ट खिलाड़ियों को प्रदान किए जाने वाले गुण्डाधूर सम्मान एवं महाराजा प्रवीरचंद्र भंजदेव सम्मान वर्ष 2026-27 के लिए इच्छुक एवं पात्र खिलाड़ियों से 30 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। निर्धारित अंतिम तिथि एवं समय के बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।
जिला खेल अधिकारी, खेल एवं युवा कल्याण विभाग कांकेर ने बताया कि निर्धारित प्रारूप में आवेदन संचालक, खेल एवं युवा कल्याण विभाग की विभागीय वेबसाइट https://sportsyw.cg.gov.in/cgsports/पर ऑनलाइन अपलोड करना होगा। उन्होंने बताया कि गुण्डाधूर सम्मान एवं महाराजा प्रवीरचंद्र भंजदेव सम्मान शासन द्वारा निर्धारित नियमावली, प्रावधानों एवं पात्रता शर्तों के अनुसार चयन जूरी द्वारा किसी एक खिलाड़ी अथवा एक दल को प्रदान किया जाएगा। सम्मान के तहत 01 लाख रुपये नगद, अलंकरण फलक एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। सम्मान की नियमावली, चयन मापदंड एवं अन्य विस्तृत जानकारी विभागीय वेबसाइट पर उपलब्ध है। इच्छुक आवेदक अधिक जानकारी के लिए कार्यालयीन समय में जिला खेल अधिकारी, खेल एवं युवा कल्याण, कांकेर से संपर्क कर सकते हैं।



