ChhattisgarhFeatureकांकेर

कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का किया निरीक्षण, सुरक्षा एवं राहत व्यवस्था के दिए निर्देश

नदी किनारे बसे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की समझाईश, सतर्क रहने के दिए निर्देश

उत्तर बस्तर कांकेर, जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण नदी-नालों में बढ़े जलस्तर एवं बाढ़ की स्थिति को देखते हुए कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने आज कांकेर शहर एवं आसपास के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं राहत व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने सर्वप्रथम कांकेर शहर के दूध नदी के किनारे शांति नगर वार्ड स्थित क्षेत्र का निरीक्षण किया। नदी के बढ़ते जलस्तर एवं आसपास की स्थिति का जायजा लेते हुए नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी को नदी किनारे आवश्यक स्थानों पर बैरिकेडिंग कराने, रेड फ्लैग लगाने तथा खतरे से संबंधित सूचना एवं चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। पुलिस, होमगार्ड, नगरपालिका एवं राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों को सतर्क रहने तथा लगातार निगरानी बनाए रखने के लिए निर्देशित किया। इस दौरान उन्होंने पार्षद से चर्चा कर क्षेत्र की स्थिति एवं स्थानीय समस्याओं की जानकारी भी ली।
कलेक्टर ने भंडारीपारा के महादेव वार्ड का भी निरीक्षण किया। उन्होंने नदी किनारे बसे लोगों से चर्चा कर बारिश एवं जलस्तर की स्थिति की जानकारी ली तथा लगातार हो रही बारिश को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने और अनावश्यक रूप से नदी-नालों के समीप नहीं जाने की समझाइश दी। उन्होंने नदी किनारे बसे वार्डवासियों को जलस्तर बढ़ने की स्थिति में तत्काल सुरक्षित स्थान पर जाने तथा आवश्यकता पड़ने पर घर खाली कर पंचायत भवन जैसे सुरक्षित स्थानों में पहुंचने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने मनकेशरी के नदी किनारे के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भी निरीक्षण किया तथा लोगों को शीघ्र सुरक्षित स्थानों पर जाने की समझाईश दी। नदी किनारे अनाधिकृत रूप से अतिक्रमण नहीं करने के संबंध में भी लोगों को समझाइश दी। उन्होंने संबंधित सरपंच एवं सचिव को नदी किनारे की स्थिति पर सतत निगरानी रखने तथा जलभराव एवं बाढ़ को देखते हुए लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हरेश मंडावी, अपर कलेक्टर श्री जितेन्द्र कुर्रे एवं एसडीएम श्रीमती सरस्वती बंजारे सहित संबंधित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button