
ChhattisgarhFeature
अंबिकापुर सेंट्रल जेल में महिला कैदी की मौत: इलाज के दौरान तोड़ा दम, जांच में जुटी पुलिस
अंबिकापुर। अंबिकापुर केंद्रीय जेल में हत्या के आरोप में बंद एक महिला कैदी की इलाज के दौरान मौत हो गई। तबीयत बिगड़ने के बाद महिला को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को दे दी गई है। मृतक महिला कैदी की पहचान मथुरा यादव (55 वर्ष) के रूप में हुई है। वह हत्या के एक मामले में गिरफ्तार होकर जेल में बंद थी। मामला अभी न्यायालय में विचाराधीन बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, मथुरा यादव को 19 फरवरी 2026 को सूरजपुर जिला जेल से अंबिकापुर केंद्रीय जेल लाया गया था। हत्या के आरोप में गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेजा गया था। सेंट्रल जेल में रहने के दौरान उसकी तबीयत खराब होने लगी थी। जेल प्रशासन की ओर से उसका इलाज कराया जा रहा था।

जेल अधीक्षक अक्षय सिंह राजपूत ने बताया कि महिला कैदी की तबीयत खराब होने पर उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के बाद उसकी स्थिति में सुधार होने पर उसे वापस जेल भेज दिया गया था। इसके बाद 17 सितंबर को महिला की तबीयत दोबारा बिगड़ गई। गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल के एमआईसीयू में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
जेल प्रशासन के अनुसार, महिला कैदी के रिकॉर्ड में दो अलग-अलग पते दर्ज हैं। ऐसे में उसके परिजनों तक पहुंचने के लिए संबंधित थानों के माध्यम से जानकारी जुटाई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि अभी तक किसी भी परिजन से संपर्क नहीं हो पाया है। जेल में रहने के दौरान भी महिला कैदी से मिलने कोई परिजन नहीं पहुंचा था।
महिला कैदी की मौत की सूचना जिला कलेक्टर और जिला एवं सत्र न्यायाधीश को दे दी गई है। जेल प्रशासन आगे की कार्रवाई नियमानुसार कर रहा है। यदि महिला के परिजन सामने आते हैं तो नियमों के अनुसार वीडियोग्राफी कराकर शव उन्हें सौंपा जाएगा। वहीं, यदि कोई परिजन नहीं पहुंचता है तो प्रशासन निर्धारित प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई करेगा। फिलहाल पुलिस और जेल प्रशासन महिला कैदी के परिजनों की तलाश में जुटे हुए हैं। साथ ही मामले से जुड़ी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।



