
आरंग / आरंग विकासखंड के किसानों और क्षेत्रवासियों की बहुप्रतीक्षित मांग को पूरा करते हुए प्रदेश सरकार ने सिंचाई सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। माननीय कैबिनेट मंत्री (कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग) गुरु खुशवंत साहेब जी के अथक प्रयासों और सतत जनसेवा की प्रतिबद्धता के फलस्वरूप जल संसाधन विभाग द्वारा आरंग क्षेत्र की तीन प्रमुख सिंचाई योजनाओं के लिए 13.43 करोड़ रुपये से अधिक (1,343.76 लाख रुपये) की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
क्षेत्रीय विकास और किसानों की समृद्धि के लिए सदैव तत्पर मंत्री गुरु खुशवंत साहेब जी की इस बड़ी उपलब्धि से आरंग क्षेत्र की लगभग 251 हेक्टेयर से अधिक कृषि भूमि सीधे तौर पर सिंचित होगी, जिससे रबी और खरीफ दोनों फसलों की पैदावार में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा।

मंत्री गुरु खुशवंत साहेब के प्रयासों से स्वीकृत प्रमुख 3 सिंचाई कार्य
कोल्हान नाले पर संडी एनीकट का निर्माण
स्वीकृत राशि: ₹374.76 लाख
सिंचाई क्षमता: 60 हेक्टेयर
लाभ: संडी गांव के समीप कोल्हान नाले पर एनीकट बनने से आसपास के भू-जल स्तर में तेजी से सुधार होगा और 60 हेक्टेयर क्षेत्र में किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिलेगा।
ग्राम बनरसी में बंजारी नाले पर स्टॉपडेम निर्माण
स्वीकृत राशि: ₹469.85 लाख
सिंचाई क्षमता: 50 हेक्टेयर
लाभ: बंजारी नाले पर स्टॉपडेम निर्माण से जल संचयन को बढ़ावा मिलेगा। इससे 50 हेक्टेयर कृषि भूमि तक सिंचाई का पानी सुगमता से पहुंचेगा और जल संकट से राहत मिलेगी।
गुजरा व्यपवर्तन योजना का नहर लाईनिंग एवं जीर्णोद्धार
स्वीकृत राशि: ₹499.15 लाख
सिंचाई क्षमता: 141 हेक्टेयर
लाभ: गुजरा व्यपवर्तन योजना की जर्जर नहरों के जीर्णोद्धार और पक्की लाईनिंग से पानी के रिसाव तथा अपव्यय पर पूरी तरह रोक लगेगी, जिससे अंतिम छोर (टेल एरिया) के किसानों को 141 हेक्टेयर क्षेत्र में निर्बाध जल आपूर्ति होगी।
किसानों ने जताया कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब जी का आभार
इन तीनों महत्वाकांक्षी योजनाओं को प्रशासकीय स्वीकृति मिलने पर आरंग क्षेत्र के कृषकों और ग्रामीणों में हर्ष का माहौल है। स्थानीय किसानों का कहना है कि क्षेत्र की सिंचाई समस्याओं को मंत्री गुरु खुशवंत साहेब जी ने न केवल संजीदगी से सुना, बल्कि शासन स्तर पर मजबूती से पैरवी करके इन योजनाओं को धरातल पर उतारने का काम किया है।
जल संरक्षण और सिंचाई साधनों के इस विस्तार से न केवल फसलों की पैदावार बढ़ेगी, बल्कि आरंग क्षेत्र के गिरते भू-जल स्तर को भी नया जीवन मिलेगा। क्षेत्रवासियों ने इस सौगात के लिए कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब जी का हृदय से धन्यवाद व आभार व्यक्त किया है।
वहीं, इस बड़ी उपलब्धि पर कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, जल संसाधन मंत्री केदार कश्यप और रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल का हृदय से धन्यवाद व आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि आरंग के किसानों की समृद्धि और क्षेत्रीय विकास के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है।



