
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था पर दिया जोर
उत्तर बस्तर कांकेर, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हरेश मंडावी ने सोमवार को विकासखण्ड अंतागढ़ के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों, मावा मोदोल पुस्तकालयों, छात्रावासों तथा जिला प्रशासन द्वारा संचालित नवाचारों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों के लिए बेहतर अध्ययन वातावरण, गुणवत्तापूर्ण संसाधनों की उपलब्धता तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मावा मोदोल लाइब्रेरी आमाबेड़ा में शीघ्र प्रारंभ होने वाली अध्ययन गतिविधियों की तैयारियों का अवलोकन करते हुए मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने पुस्तकालय के संचालन से पूर्व विद्यार्थियों का पंजीयन, पर्याप्त बैठक व्यवस्था, प्रतियोगी परीक्षाओं की नवीन एवं उपयोगी पुस्तकों की उपलब्धता, स्वच्छ पेयजल तथा अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएँ समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके पश्चात उन्होंने बीएसएफ कैम्प, कड़ईखोदरा का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय अंतागढ़ पहुँचकर छात्राओं से संवाद किया तथा छात्राओं के स्वास्थ्य, आवास, भोजन तथा अध्ययन व्यवस्था की जानकारी लेते हुए वर्तमान मौसम में मलेरिया एवं अन्य मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
इसी तरह मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने मावा मोदोल लाइब्रेरी अंतागढ़ में अध्ययनरत विद्यार्थियों से उनकी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, अध्ययन समय और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की तथा उन्हें नियमित अध्ययन, अनुशासन और लक्ष्य आधारित तैयारी के लिए प्रेरित किया। इसी क्रम में उन्होंने बालक छात्रावास, भानुप्रतापपुर का भी दौरा कर वहां चल रहे निर्माण कार्यों की जानकारी लेकर संबंधित एजेंसी को 15 दिनों के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही मावा मोदोल लाइब्रेरी कोरर का निरीक्षण कर विद्यार्थियों से चर्चा की तथा वहां आवश्यकतानुसार प्रतियोगी परीक्षाओं की पर्याप्त पुस्तकें, स्वच्छ पेयजल, बैठने की समुचित व्यवस्था तथा अध्ययन के लिए आवश्यक सभी सुविधाएँ तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।




