Featureछत्तीसगढ़

रेलवे मानचित्र पर बस्तर को मिली नई पहचान : भाजपा

काँकेर सांसद भोजराज नाग ने बस्तर के विकास में ऐतिहासिक अध्याय बताते हुए दल्लीराजहरा-रावघाट रेल परियोजना से लौह अयस्क का परिवहन शुरू होने पर व्यक्त की प्रसन्नता

रायपुर / भारतीय जनता पार्टी के सांसद भोजराज नाग ने बहुप्रतीक्षित दल्लीराजहरा-रावघाट रेल परियोजना के अंतर्गत रावघाट (सरगीपाल) रेलवे स्टेशन से पहली बार लौह अयस्क का परिवहन सफलतापूर्वक शुरू होने पर प्रसन्नता व्यक्त की है और इसे बस्तर के इतिहास में एक स्वर्णिम एवं ऐतिहासिक पड़ाव बताया है।

भाजपा ​सांसद श्री नाग ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बस्तर क्षेत्र नक्सलवाद के काले साए से बाहर निकलकर विकास की एक नई इबारत लिख रहा है। वर्षों का लंबा इंतजार अब समाप्त हो चुका है और रावघाट तक रेल लाइन का निर्माण पूरा होने के बाद मालगाड़ियों की आवाजाही शुरू होना इस बात का प्रत्यक्ष प्रमाण है कि बस्तर अब विकास की पटरी पर तीव्र रफ्तार से आगे बढ़ रहा है। श्री नाग ने भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) प्रबंधन, रेलवे के अधिकारियों, अभियंताओं और सभी श्रमिक भाइयों को बधाई देते हुए कहा कि इंजन और मालगाड़ी रैक का यह सफल ट्रायल बस्तर की आर्थिक आत्मनिर्भरता का आधार बनेगा। रावघाट क्षेत्र के महत्वपूर्ण लौह अयस्क भंडारों से खनिजों का परिवहन शुरू होने से स्थानीय स्तर पर उद्योगों और व्यापार को नई ऊर्जा मिलेगी। इससे परिवहन लागत में भारी कमी आएगी, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को अभूतपूर्व मजबूती मिलेगी।

भाजपा सांसद श्री नाग ने कहा कि रेलवे मानचित्र पर बस्तर अब एक बड़े औद्योगिक और आर्थिक केंद्र के रूप में उभर रहा है। माल परिवहन के सुचारू संचालन से सहायक उद्योगों और सेवा क्षेत्रों का तेजी से विस्तार होगा, जिससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। मालगाड़ियों की सफल शुरुआत के बाद अब नारायणपुर और आस-पास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों, कर्मचारियों, व्यापारियों और मरीजों के लिए जल्द ही यात्री ट्रेन सेवा शुरू होने का मार्ग भी प्रशस्त हो गया है। श्री नाग ने कहा कि यह केवल एक खनिज परिवहन की शुरुआत नहीं है, बल्कि नारायणपुर और बस्तर के प्रत्येक नागरिक के सामाजिक और आर्थिक उत्थान का एक नया अध्याय है। डबल इंजन की सरकार बस्तर के बुनियादी ढाँचे, सड़क, संचार और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Related Articles

Back to top button