Featureछत्तीसगढ़

आईटीआई में लापरवाही: छात्रों से कराया जा रहा था मजदूरी, हादसे में छात्र की 5 उंगलियां कटीं

बालोद। जिले के डौंडीलोहारा स्थित औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में शिक्षा व्यवस्था की पोल खोलने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां छात्रों को तकनीकी प्रशिक्षण देने के बजाय उनसे मजदूरों की तरह निर्माण कार्य कराया जा रहा था। इसी दौरान हुई एक भयावह दुर्घटना में एक छात्र के दोनों हाथों की पांच उंगलियां कट गईं, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। मिली जानकारी के अनुसार, आईटीआई परिसर में बाथरूम निर्माण, प्लास्टर, ईंट जोड़ने और अन्य निर्माण कार्य छात्रों से करवाए जा रहे थे, जबकि ये कार्य उनके पाठ्यक्रम में शामिल नहीं हैं।

आरोप है कि संस्थान प्रबंधन द्वारा लंबे समय से छात्रों का शोषण किया जा रहा है और उन्हें पढ़ाई से दूर रखकर श्रम कार्यों में लगाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि फिटर ट्रेड का छात्र टाकेश्वर कुमार भी अन्य छात्रों के साथ ईंट ढुलाई और निर्माण कार्य में लगा हुआ था। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और ईंट ढोने वाले उपकरण में उसका हाथ फंस गया। हादसा इतना गंभीर था कि उसके दोनों हाथों की पांच उंगलियां कट गईं। मौके पर मौजूद अन्य छात्र इस दर्दनाक घटना से सहम गए और तुरंत उसे बचाने की कोशिश की।

Related Articles

Back to top button