
उत्तर बस्तर कांकेर 10 सितम्बर 2025/ कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने राजस्व पुस्तक परिपत्र खण्ड 6-4 के तहत् प्रदत्त अधिकारों का प्रयोग करते हुए प्राकृतिक आपदा से पीड़ित तीन परिवारों के आश्रितों को चार-चार लाख रूपए के मान से 12 लाख रूपए की आर्थिक सहायता राशि प्रदान करने की स्वीकृति दी है। पखांजूर तहसील के पी.व्ही. 64 श्रीपुर निवासी 45 वर्षीय सुकुमार व्यापारी की आंधी तूफान से पेड़ का डंगाल गिरने से मृत्यु होने के प्रकरण में उनकी पत्नी श्रीमती सुमित्रा व्यापारी के लिए चार लाख रूपए स्वीकृत की गई है। इसी प्रकार बांदे तहसील के ग्राम सावनपुर की 06 वर्षीय कु. चम्पा राय की सर्प काटने से मृत्यु होने के प्रकरण में उनके माता-पिता कृष्णपद राय एवं श्रीमती बिना राय हेतु चार लाख रूपए तथा कोयलीबेड़ा निवासी 45 वर्षीय बलमबाई पटेल की सर्प काटने से मृत्यु होने के प्रकरण में उनके निकटतम आश्रित कुंजन पटेल एवं कुमेन्द्र पटेल के लिए संयुक्त रूप से चार लाख रूपए की सहायता राशि कलेक्टर द्वारा स्वीकृत किया गया है।
इन्फैट्री बटालियन में भर्ती रैली का आयोजन 10 नवम्बर से 09 दिसम्बर तक
उत्तर बस्तर कांकेर 10 सितम्बर 2025/ आर्मी स्टेशन नया रायपुर छत्तीसगढ़ एवं ओडिसा सब एरिया से प्राप्त जानकारी अनुसार 155 इन्फैट्री बटालियन (प्रादेशिक सेना) में भर्ती रैली का आयोजन 10 नवम्बर से 09 दिसम्बर 2025 के बीच किया जाएगा। इस भर्ती रैली में छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश एवं बिहार राज्य के उम्मीदवारों को शामिल किया जाएगा। इस भर्ती रैली के संबंध में अधिक जानकारी के लिए नया रायपुर, आर्मी स्टेशन छत्तीसगढ़ एवं ओडिसा सब एरिया में कार्यालयीन समय में मोबाइल नम्बर -8899912934 एवं 9622202900 में संपर्क किया जा सकता है।




