

उत्तर बस्तर कांकेर, 22 अक्टूबर 2024/कलेक्टर श्री निलेश महादेव क्षीरसागर के निर्देशानुसार जिला कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में अपर कलेक्टर श्री एस. अहिरवार ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आवेदकों से मुलाकात कर उनकी मांगों एवं समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने प्राप्त आवेदनों पर कार्यवाही करते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के लिए निर्देशित किया। आज आयोजित जनदर्शन में कुल 70 आवेदन प्राप्त हुए।
जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित कलेक्टर जनदर्शन में आज जनपद पंचायत भानुप्रतापपुर के ग्राम पंचायत तुएगहन में सीसी सड़क निर्माण, सोलर पंप लगवाने तथा तुएगहन सलिहापारा से बारवी तक सीसी रोड़ निर्माण, ग्राम पंचायत चिल्हारी में सीसी रोड़ निर्माण के लिए सरपंच तथा ग्रामीणजन द्वारा आवेदन प्रस्तुत किया गया। इसी प्रकार ग्राम डुवा, तुसकाल, गट्टाकाल और संबलपुर को नवीन ग्राम पंचायत बनाने, ग्राम पंचायत बांगाबारी तथा सांईमुण्डा में नवीन धान खरीदी केन्द्र, ग्राम केसेकोड़ो के उप स्वास्थ्य केन्द्र भवन को पूर्ण कराने तथा आहाता निर्माण और एनीकट निर्माण कार्य की स्वीकृति के लिए आवेदन प्रस्तुत किया गया। पखांजूर नया तथा पुराना बाजार चौक में ट्राफिक सिग्नल लगवाने, ग्राम पंचायत गुमझीर में जलजीवन मिशन के तहत अधूरे कार्य पूर्ण कराने, फसल नुकसान की मुआवजा राशि दिलाने, आकाशीय बिजली गिरने से मवेशियों की मृत्यु पर मुआवजा दिलाने एवं राशन कार्ड में नाम जुड़वाने, प्रधानमंत्री आवास दिलाने, बीमा राशि के आवेदन प्रस्तुत हुए हैं।




