ChhattisgarhFeature

त्योहार से पहले रायपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 91 बदमाश धराए, हथियार, शराब और गांजा बरामद

रायपुर : त्योहारी सीजन में शहर की सुरक्षा और कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस कमिश्नरेट के पश्चिम और नार्थ जोन में विशेष अभियान चलाया गया। डीसीपी (पश्चिम) राबिन्सन गुरिया और डीसीपी (नार्थ) दीपमाला कश्यप के मार्गदर्शन में पुलिस टीमों ने अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसा।

पश्चिम क्षेत्र (4 से 10 नवंबर) में विभिन्न थानों की कार्रवाई के तहत कुल 91 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान 52 वारंटों की तामिली, 135 व्यक्तियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई, 75.24 लीटर अवैध शराब, सात चाकू व एक देसी कट्टा, 62,900 रुपये नकद के साथ 73 जुआरी तथा 1.724 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया।

वहीं नार्थ जोन में भी गुढ़ियारी, उरला, खम्हारडीह और खमतराई थाना क्षेत्रों में सघन कार्रवाई की गई। खम्हारडीह थाना क्षेत्र में चाकू लहराकर दहशत फैला रहे एक अपचारी बालक को आर्म्स एक्ट के तहत पकड़ा गया, जबकि जुआ एक्ट और वारंट तामीली के तहत भी कई प्रकरण दर्ज किए गए। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button