ChhattisgarhFeature

खनिज माफियाओं पर जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, अवैध परिवहन करते चार वाहन पकड़े

धरमपुरा, फरदफोड़ एवं घोटिया में की गई कार्रवाई

बालोद, कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी रोकथाम हेतु खनिज विभाग द्वारा लगातार सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में खनिज विभाग द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में आकस्मिक निरीक्षण कर अवैध गतिविधियों में संलिप्त एक जेसीबी, दो हाईवा तथा एक ट्रैक्टर को जब्त किया गया है।

धरमपुरा और फरदफोड़ में जेसीबी व हाईवा जब्त

खनिज अधिकारी जिला बालोद से प्राप्त जानकारी के अनुसार 03 नवंबर को बालोद एवं डौण्डीलोहारा विकासखण्ड अंतर्गत औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान ग्राम धरमपुरा में खनिज मुरुम का अवैध उत्खनन व परिवहन करते पाए जाने पर 01 जेसीबी (क्रमांक सीजी 05 ई 6003) तथा 01 हाईवा (क्रमांक सीजी 07 बीसी 9844) को मौके पर जब्त कर सुरक्षार्थ थाना बालोद की अभिरक्षा में सौंपा गया है। इसी प्रकार ग्राम फरदफोड़ में खनिज गिट्टी का अवैध परिवहन करते पाए जाने पर एक हाईवा (क्रमांक सीजी 08 बीएच 5902) को जब्त कर सुरक्षार्थ पुलिस सहायता केंद्र मार्रीबंगला (देवरी) की अभिरक्षा में रखा गया है।

इससे पूर्व 02 नवंबर 2026 को डौण्डी विकासखण्ड अंतर्गत ग्राम घोटिया में निरीक्षण के दौरान खनिज रेत का अवैध परिवहन करते पाए जाने पर एक नीले रंग का सोनालिका 745 डीआई ट्रैक्टर जब्त किया गया, जिसे सुरक्षार्थ थाना डौण्डी की अभिरक्षा में रखा गया है। खनिज विभाग ने बताया कि जिले में अवैध उत्खनन और परिवहन से संबंधित प्राप्त सूचनाओं एवं शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है।

खान एवं खनिज अधिनियम के तहत होगी कड़ी कार्रवाई

खनिज विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि पकड़े गए सभी वाहनों और संबंधित प्रकरणों में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 के प्रावधानों के तहत नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। जिले में अवैध खनिज गतिविधियों पर निगरानी रखने हेतु विभागीय अमले की लगातार पेट्रोलिंग आगे भी जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button