ChhattisgarhFeature

छत्तीसगढ़ में सिस्टम की पोल: मरीज को खाट पर लादकर नाला पार करने को मजबूर हुए ग्रामीण, पुल की मांग

धमतरी. छत्तीसगढ़ के वनांचल क्षेत्रों में बारिश के मौसम में ग्रामीणों की परेशानियां बढ़ जाती है. पुल निर्माण नहीं होने से मरीजों को जान पर खेलकर अस्पताल तक पहुंचना पड़ता है. नगर पंचायत लटियारा के चर्रा कच्छारपारा में आज सुबह भी ऐसी ही तस्वीर सामने आई हैं. जहां ग्रामीणों ने बीमार व्यक्ति को खाट पर बिठाकर ओवरफ्लो नाला पार कराया.

जानकारी के मुताबिक, चर्रा कच्छारपारा के गोपेश पटेल की अचानक तबीयत बिगड़ गई. उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाना जरूरी था, लेकिन चर्रा का डुमर नाला लगातार बारिश के चलते उफान पर था. मजबूरी के बीच ग्रामीणों ने मरीज को खाट पर बिठाकर ओवरफ्लो नाले को पार करने का फैसला किया. चार लोगों ने खाट को ढोकर नाला के दूसरी तरफ पहुंचाया.

ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के मौसम में यह समस्या हर साल सामने आती है. नाले पर पुल नहीं होने से मरीजों, स्कूली बच्चों और अन्य ग्रामीणों को आवागमन में काफी दिक्कत होती है. ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द पुल का निर्माण कराने की मांग की है, ताकि बारिश के दौरान ऐसी स्थिति का सामना न करना पड़े.

जिला कलेक्टर ने कहा कि बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर हैं, ऐसे में लोगों को ऐसी जगहों पर जाने से बचना चाहिए और सतर्कता बरतनी चाहिए. जिन क्षेत्रों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है, वहां प्रशासन की ओर से पहले ही राशन पहुंचा दिया गया है, ताकि लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.

माडमसिल्ली डैम के गेट खुलने से नदी का जलस्तर बढ़ गया है और पुल के ऊपर से तेज बहाव के साथ पानी गुजर रहा है. इसके बावजूद लोग अपनी जान जोखिम में डालकर पुल पार करते नजर आ रहे हैं. तीजा पर्व में महिलाएं अपने घर जाने के लिए जोखिम उठाकर पुल पार कर रही हैं. सामने आए वीडियो में तेज बहाव के बीच भरी बस और ट्रैक्टर जैसे भारी वाहन भी पुल पार करते दिखाई दे रहे हैं.

Related Articles

Back to top button