
रायपुर। विस्फोटक निर्माण करने वाली रायपुर की एसबीएल एनर्जी लिमिटेड (पूर्व नाम अमीन एक्सप्लोसिव प्राइवेट लिमिटेड) के मालिकों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। नागपुर फैक्ट्री ब्लास्ट मामले में कंपनी के सीईओ आलोक संपत सिंह चौधरी और उनके भाई संजय संपत सिंह चौधरी की गिरफ्तारी के लिए नागपुर पुलिस की विशेष टीम सोमवार को रायपुर पहुंची।
स्थानीय पुलिस की मदद से टीम ने देवेंद्र नगर स्थित आवास और फाफाडीह चौक स्थित कारपोरेट कार्यालय में दबिश दी, लेकिन दोनों भाई फरार मिले। दोनों के खिलाफ नागपुर फैक्ट्री ब्लास्ट मामले में प्रकरण दर्ज है। इस हादसे में 23 कर्मियों की मौत हुई थी। मामले की जांच पहले से चल रही है। चर्चा है कि सूडान में विस्फोटक भेजने के आरोप में अमेरिका द्वारा कंपनी और उनके मालिक पर लगाए गए प्रतिबंध के बाद नागपुर पुलिस ने भी पुराने मामले में सक्रियता बढ़ा दी है।




