
उत्तर बस्तर कांकेर, सरकार द्वारा कांकेर जिले में 13 नए उच्च स्तरीय पुलों की स्वीकृति दी गई है। इन पुलों के निर्माण से लोगों को बारहमासी आवागमन की सुविधा मिलेगी। बारिश के दिनों में अब उन्हें नदी-नालों को पार करने की जोखिम नहीं लेना पड़ेगा। कोयलीबेड़ा विकासखण्ड के बेचाघाट पुल भी इसमें शामिल है, नक्सली दबाव के कारण इस पुल के निर्माण नहीं हो पा रहा था, जो अब प्रगतिरत है।
लोक निर्माण विभाग सेतु संभाग कांकेर के कार्यपालन अभियंता श्री राजेन्द्र सोनकर से मिली जानकारी के अनुसार कांकेर जिले में 13 नए उच्च स्तरीय पुल स्वीकृत किए गए हैं। रावघाट में मेढकी नदी पर 512 लाख 97 हजार रूपए की लागत से पुल का निर्माण किया जा रहा है। इसी प्रकार सोनपुर-नारायणपुर मार्ग में कोटरी नदी पर बेचाघाट में 1552 लाख 26 हजार रूपए की लागत से पुल का निर्माण हो रहा है। भानुप्रतापपुर से अंतागढ़ मार्ग में खंडी नदी पर 617 लाख 92 हजार रूपए की लागत से पुल निर्माण के कार्य प्रगति पर है। इसी प्रकार कांकेर-देवरी मार्ग में चिनार नदी पर 898 लाख 09 हजार रूपए की लागत से पुल निर्माण कार्य प्रगति पर है। इन उच्च स्तरीय पुलों के अलावा शासन द्वारा कांकेर जिले में अंतागढ़-बेड़मा मार्ग में निर्गुण नाला पर पुल निर्माण के लिए 382 लाख 40 हजार रूपए, चारामा के पास सिरसिदा नाला में पुल निर्माण के लिए 899 लाख 60 हजार रूपए, कोरर के पास जंजालीपारा में पुल निर्माण हेतु 422 लाख 54 हजार रूपए, संबलपुर से सिलपट मार्ग में संबलपुर नाला में पुल निर्माण के लिए 387 लाख 37 हजार रूपए, चारामा विकासखण्ड के टांहकापार में महानदी पर उच्च स्तरीय पुल निर्माण हेतु 2806 लाख 90 हजार रूपए, ईच्छापुर-घोटिया मार्ग में दूध नदी पर पुल निर्माण के लिए 653 लाख 09 हजार रूपए और ताड़ोकी में निब्रा (मेढकी) नदी पर पुल निर्माण के लिए 612 लाख 60 हजार रूपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त हुई है। यह सभी कार्य टेंडर प्रक्रिया पर हैं। इसी प्रकार कोयलीबेड़ा विकासखण्ड के छोटेबेठिया के बेलगाल में पुल निर्माण के लिए 410 लाख 38 हजार रूपए और भानुप्रतापपुर-पखांजूर मार्ग में पासंगी नाला पर पुल निर्माण के लिए 574 लाख 43 हजार रूपए की स्वीकृति प्राप्त हुई है। इन कार्यों के लिए तकनीकी स्वीकृति प्रक्रियाधीन है।



