
अमृतसर: पंजाब में नशे के खिलाफ लगातार चल रही कार्रवाई के बीच अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने सीमा पार से जुड़े एक ड्रग्स तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही उनके पास से करीब 7.050 किलो हेरोइन भी बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों रुपए बताई जा रही है। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि पकड़े गए आरोपी पाकिस्तान में बैठे एक तस्कर के संपर्क में थे। उसी के निर्देश पर ये लोग पंजाब में ड्रग्स की सप्लाई और वितरण का काम कर रहे थे। इस मामले में पुलिस ने दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज की है। ये एफआईआर अमृतसर के छेहरटा और कैंट थानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज की गई है।
पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि ड्रग्स कहां से आ रही थी और आगे किन-किन लोगों तक पहुंचाई जा रही थी। अधिकारियों का कहना है कि अभी जांच जारी है और इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। उनका कहना है कि पंजाब पुलिस राज्य को नशा मुक्त बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। ऐसे गिरोहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी ताकि युवाओं को इस बुरी लत से बचाया जा सके और समाज को सुरक्षित बनाया जा सके।




