Featureकांकेरछत्तीसगढ़

स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाया जाएगा सघन खोज एवं जांच अभियान

जिले को कुष्ठ मुक्त बनाने गांधी जयंती से प्रारंभ हुआ कुष्ठ जागरूकता सप्ताह

उत्तर बस्तर कांकेर 07 अक्टूबर 2025 / महात्मा गांधी का कुष्ठ मुक्त भारत के सपने को मूर्तरूप देने के उद्देश्य से भारत शासन और छत्तीसगढ शासन के संयुक्त प्रयास से 2027 तक कुष्ठ मुक्त भारत का लक्ष्य रखा गया है। इसी तारतम्य में 02 अक्टूबर गांधी जयंती के अवसर पर लक्ष्य प्राप्ति हेतु कुष्ठ मुक्त कांकेर जिला बनाने के लिए 02 अक्टूबर से 08 अक्टूबर तक कुष्ठ जागरूकता सप्ताह चलाया जा रहा है।
इस कुष्ठ जागरूकता सप्ताह के तहत कुष्ठ रोग के प्रति लोगों में जन-जागरूकता फैलाने के लिए जिले की सभी ग्राम पंचायतों की ग्राम सभा में व जिले के समस्त मिडिल से लेकर हायर सेकेण्डरी स्कूलों व कॉलेजों में, सभी स्वास्थ्य संस्थाओं में कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर के संदेश व शपथ़ तथा सरपंच का उद्बोधन का वाचन किया जा रहा है जिससे लोग कुष्ठ रोग के संबंध में जागरूक बनें, इसके लिए आने वाले माह में कुष्ठ मुक्त भारत के लक्ष्य के लिए कुष्ठ मुक्त कांकेर जिला बनाने के लिए जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग द्वारा “सघन कुष्ठ जांच-खोज अभियान” चलाया जाएगा, जिसके तहत 14 दिवस तक स्वास्थ्य कार्यकर्ता व मितानिन द्वारा घर-घर सघन भ्रमण कर परिवार के शत-प्रतिशत व्यक्तियों की स्क्रीनिंग कर कुष्ठ के संभावित रोगी का चिन्हांकन कर कुष्ठ रोगी को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सक से सत्यापित कराकर तत्काल एम.डी.टी. का उपचार प्रारंभ किया जाएगा। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि यह लक्ष्य जनभागीदारी के सहयोग से ही संभव है, इसलिए आम जनता इतना सहयोग करें कि जब सर्वेक्षण दल आपके ग्राम में भ्रमण करे, उस दिन अपने परिवार के सभी सदस्यों की जांच अवश्य कराएं। इसके अतिरिक्त कुष्ठ के प्रारंभिक लक्षण को पहचान कर संभावित कुष्ठ रोग की जानकारी मितानिन, स्वास्थ्य कार्यकर्ता व जो सुविधाजनक लगे, स्वास्थ्य अमला को इसकी जानकारी अवश्य दें।
*कुष्ठ रोग के प्रारंभिक लक्षण-*
कुष्ठ रोग के प्रारम्भिक लक्षण के बारे में बताया गया कि जिस व्यक्ति के शरीर में दाग-धब्बे, शरीर के रंग से हटकर तेलिया-तामिया चमक हो, जिसमें संवेदना नहीं हो अथवा सुन्नपन हो, हाथ-पैर में झुनझुनी व मोटापन लगता हो, कुष्ठ रोग का संदेह किया जा सकता है। कुष्ठ रोग की जांच-उपचार सभी स्वास्थ्य संस्थाओं में निःशुल्क उपलब्ध है।
उल्लेखनीय है कि कांकेर जिले को कुष्ठ मुक्त बनाने की दिशा में कलेक्टर श्री क्षीरसागर के निर्देशानुसार एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ठाकुर के मार्गदर्शन में जिला कुष्ठ सलाहकार के द्वारा कार्ययोजना तैयार कर कुष्ठ जागरूकता सप्ताह का कांकेर जिले में क्रियान्वयन किया जा रहा है, जिसके पश्चात अगले माह “सघन कुष्ठ जांच-खोज अभियान” चलाकर 14 दिवस तक स्वास्थ्य कार्यकर्ता व मितानिन द्वारा घर-घर सघन भ्रमण कर सभी परिवारों के शत-प्रतिशत व्यक्तियों की स्क्रीनिंग कर कुष्ठ के संभावित रोगी का चिन्हांकन कर कुष्ठ रोगी का सतत उपचार किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button