ChhattisgarhFeature

बस्तर से सरगुजा तक जल-जंगल-जमीन की लूट मचाने वाले जनजाति गौरव का पाखंड कर रहे हैं – दीपक बैज

रायपुर / स्मृति ईरानी के रायगढ़ दौरे पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा है कि छत्तीसगढ़ की जनता भाजपा का सबसे बड़ा और खतरनाक चेहरा देख रही है, जो भाजपाई छत्तीसगढ़ के अंदर बस्तर से लेकर सरगुजा तक आदिवासियों पर जुल्म ढा रहे हैं, उनके जल, जंगल और जमीन को उद्योगपतियों के पैरों में रौंद रहे हैं, वही लोग रायगढ़ के धरमजयगढ़ में जाकर जनजाति गौरव दिवस का ढोंग रच रहे हैं। यह आदिवासियों के प्रति प्रेम नहीं, बल्कि उनके शोषण पर पर्दा डालने का राजनीतिक पाखंड है। इसी रायगढ़ जिले के तमनार में आदिवासी हितों को जबरिया कुचला गया, अपने संसाधनों को बचाने प्रदर्शन करने वाले ग्रामीणों को बर्बरता पूर्वक पीटा गया, बिना ग्रामसभा की सहमति के तारा कोल ब्लॉक और पवित्र नंदराज पर्वत अडानी को सौंपना, वनाधिकार पट्टों को रोकना और हजारों आदिवासियों के लोकतांत्रिक विरोध को कुचलना इस सरकार की तानाशाही फितरत को बेनकाब करता है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा है कि भाजपा सरकार भगवान बिरसा मुंडा, शहीद वीर नारायण सिंह, महानायक गुण्डाधुर, अमर शहीद गैंदसिंह, माता राजमोहिनी देवी, कंगला मांझी के वंशजों को लगातार प्रताड़ित कर रही है। बस्तर से सरगुजा तक हजारों निर्दोष आदिवासियों को जेलों में बंद कर अत्याचार करने वाले, उनके जल-जंगल-जमीन लूटने वाले और विरोध को पुलिसिया बल से कुचलने वाले भाजपाई जनजाति गौरव दिवस’ का ढोंग कर रहे हैं। यह आदिवासियों की संस्कृति का सम्मान नहीं, बल्कि उनके दर्द पर नमक छिड़कने वाला राजनीतिक पाखंड है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा है कि छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनते ही अडानी और पूंजीपतियों के मुनाफे के लिए आदिवासियों के फेफड़ों यानी हसदेव अरण्य, नंदराज पर्वत, बैलाडीला, तारा कोल ब्लॉक और तमनार में अंधाधुंध वनों की कटाई की जा रही है। बिना ग्रामसभा की अनुमति के तानाशाही तरीके से आदिवासियों की जमीन छीनी जा रही है। ​पोलावरम और बोधघाट परियोजना के विस्थापितों, पीड़ितों और प्रभावितों से बात करने की बजाय उनके विरोध को लाठी-डंडों से कुचला जा रहा है। बिना पुनर्वास और बिना उचित मुआवजे के कॉरपोरेट घरानों को जमीनें सौंपी जा रही हैं।
​
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा है कि भाजपा के डबल इंजन सरकार में ​आदिवासियों की आजीविका का मुख्य आधार महुआ, तेंदूपत्ता, इमली और लघु वनोपज संकट में है। नदियां प्रदूषित हो रही हैं और वन्यजीवों का प्राकृतिक आवास उजड़ रहा है, जिससे पूरा आदिवासी समाज हाशिए पर धकेला जा रहा है। ​पिछली कांग्रेस सरकार ने छत्तीसगढ़ में पेसा कानून को प्रभावी ढंग से लागू किया, तेंदूपत्ता संग्रहण और लघु वनोपजों की खरीदी बढ़ाई, और लोहंडीगुड़ा में टाटा प्रभावित आदिवासियों को उनकी जमीन वापस लौटाई थी। इसके विपरीत, वर्तमान भाजपा सरकार आदिवासियों के जल, जंगल और जमीन को उद्योगपतियों के हाथों गिरवी रख रही है।

सुशील आनंद शुक्ला
संचार प्रमुख
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी

Related Articles

Back to top button