ChhattisgarhFeature

छत्तीसगढ़ में बढ़ने लगा ठंड का असर, अंबिकापुर में पारा 11.4 डिग्री तक गिरा

रायपुर.छत्तीसगढ़ में नवंबर के दूसरे सप्ताह के साथ ही ठंड का प्रभाव बढ़ने लगा है। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में रात के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे सुबह और देर रात ठंड का अहसास होने लगा है। मौसम विभाग से आज मिली जानकारी के अनुसार, राज्य में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है और आगामी दो दिनों तक मौसम की स्थिति में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।

मौसम विभाग से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, नौ नवंबर को प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.5 डिग्री कम रहा। वहीं, दुर्ग में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।राजधानी रायपुर में भी दिन और रात का तापमान सामान्य स्तर से नीचे पहुंच गया है। यहां अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.3 डिग्री कम है। इसी तरह न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.6 डिग्री कम दर्ज किया गया।

प्रदेश के अन्य प्रमुख शहरों में भी रात के तापमान में कमी देखी गई है। जगदलपुर में न्यूनतम तापमान 14.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 2.6 डिग्री कम रहा। दुर्ग में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 2.7 डिग्री नीचे है। इसके अतिरिक्त माना एयरपोर्ट में न्यूनतम तापमान 15.9 डिग्री और बिलासपुर में 16.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

दिन के तापमान की बात करें तो दुर्ग में सर्वाधिक 31.8 डिग्री सेल्सियस के अलावा राजनांदगांव में 30.5 डिग्री, जगदलपुर में 30.4 डिग्री, माना एयरपोर्ट में 29.9 डिग्री और बिलासपुर में 29.2 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अगले दो दिनों तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। इस अवधि में मौसम की मौजूदा स्थिति में किसी उल्लेखनीय परिवर्तन के संकेत नहीं हैं। राज्य के किसी भी हिस्से में बारिश की संभावना नहीं जताई गई है और किसी जिले के लिए मौसम संबंधी चेतावनी भी जारी नहीं की गई है।

वहीं, राजधानी रायपुर में मंगलवार को आसमान साफ रहने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, नौ नवंबर को रायपुर में वर्षा दर्ज नहीं की गई। इस दौरान सुबह 8:30 बजे सापेक्ष आर्द्रता 67 प्रतिशत और शाम 5:30 बजे 48 प्रतिशत दर्ज की गई।

प्रदेश में न्यूनतम तापमान के सामान्य से नीचे बने रहने के कारण विशेष रूप से उत्तरी छत्तीसगढ़ सहित अन्य क्षेत्रों में सुबह और रात के समय ठंड का असर महसूस किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button