
कांकेर जिले में 28 अक्टूबर को भारी बारिश की चेतावनी, ऑरेंज अलर्ट जारी
गरज-चमक के साथ 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं तेज हवाएं,
हवा के झोंकों की गति 70 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना
उत्तर बस्तर कांकेर, मौसम पूर्वानुमान के अनुसार कांकेर जिले में 28 अक्टूबर को भारी वर्षा होने की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही गरज-चमक और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने तथा हवा के झोंकों की गति 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है। मौसम संबंधी पूर्वानुमान में जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम की संभावित स्थिति को देखते हुए कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार द्वारा नागरिकों से सतर्क रहने तथा मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है। किसानों को सलाह दी गई है कि वे मौसम के पूर्वानुमान को ध्यान में रखते हुए फसलों की कटाई एवं सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था करें। तेज हवाओं और गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों तथा बिजली के खंभों के पास जाने से बचें। मौसम संबंधी नवीनतम जानकारी पर नजर रखें तथा किसी भी आपात स्थिति में सावधानी बरतें।



