ChhattisgarhFeatureकांकेर

धान खरीदी में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, सभी 163 उपार्जन केंद्रों में सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करें- कलेक्टर कुन्दन कुमार

धान खरीदी से पूर्व सड़क, पुल-पुलियों की मरम्मत, केंद्रों में सीसीटीवी और जिले में सेंट्रलाइज्ड कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश

धान के अवैध परिवहन पर निगरानी के लिए चेकपोस्ट बनाने के निर्देश

उत्तर बस्तर कांकेर, खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत धान खरीदी की तैयारियों के संबंध में कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने आज कलेक्टोरेट में संबंधित विभागीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने जिले के सभी 163 धान उपार्जन केंद्रों में व्यवस्थित एवं पारदर्शी खरीदी सुनिश्चित करने तथा किसानों को धान विक्रय के दौरान किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने देने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य शासन के निर्देशानुसार धान खरीदी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा अनियमितताओं पर जीरो टॉलरेंस के साथ कार्रवाई की जाएगी।
सड़क एवं पुल-पुलियों की मरम्मत समय पर करें
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) एवं लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों को निर्देशित किया कि धान खरीदी शुरू होने से पहले आवश्यकतानुसार सड़कों, पुलों एवं पुलियों की मरम्मत सुनिश्चित करें, ताकि किसानों को उपार्जन केंद्रों तक धान पहुंचाने में परेशानी न हो। उन्होंने सभी अनुविभागीय अधिकारियों (राजस्व) को अपने-अपने क्षेत्र के धान उपार्जन केंद्रों का स्वयं निरीक्षण कर वहां की समस्याओं एवं आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लेने तथा नियमानुसार उनका निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
खरीदी केंद्रों में सीसीटीवी, जिले में बनेगा सेंट्रलाइज्ड कंट्रोल रूम
कलेक्टर ने सभी धान उपार्जन केंद्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा जिले में सेंट्रलाइज्ड कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश दिए, ताकि धान खरीदी प्रक्रिया की सतत निगरानी की जा सके। उन्होंने संबंधित समिति प्रबंधकों के माध्यम से सीसीटीवी व्यवस्था सुनिश्चित कराने तथा इसकी निगरानी कलेक्टर स्तर से किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि वास्तविक किसानों  से ही धान की खरीदी सुनिश्चित की जाए ।
ऑपरेटरों को प्रशिक्षण और अवैध परिवहन पर निगरानी के निर्देश
कलेक्टर ने खाद्य अधिकारी को निर्देशित किया कि धान खरीदी की प्रक्रिया, ऑनलाइन एंट्री एवं संबंधित कार्यों के सुचारू संचालन के लिए विकासखंड स्तर पर ऑपरेटरों का प्रशिक्षण आयोजित किया जाए। उन्होंने धान के अवैध परिवहन एवं कोचियों-बिचौलियों की गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए धान के आवागमन वाले प्रमुख मार्गों पर आवश्यकतानुसार चेकपोस्ट स्थापित करने तथा सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए।

जिले में अब 163 धान उपार्जन केंद्र
बैठक में खाद्य अधिकारी ने जानकारी दी कि पिछले वर्ष जिले में 149 धान उपार्जन केंद्र संचालित थे। इस वर्ष 14 नए केंद्र स्वीकृत होने के बाद जिले में कुल 163 धान उपार्जन केंद्र होंगे। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि सभी केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण कर ली जाएं, ताकि किसानों को सुविधापूर्ण ढंग से धान विक्रय का अवसर मिले। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने तथा धान खरीदी को पारदर्शी, व्यवस्थित एवं सुचारू रूप से संपन्न कराने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री हरेश मंडावी, अपर कलेक्टर श्री जितेन्द्र कुर्रे, सभी एसडीएम सहित जिला स्तर के अधिकारीगण मौजूद थे।

Related Articles

Back to top button