ChhattisgarhFeatureकांकेर

कलेक्टर जनदर्शन में 75 फरियादियों की लगी कतार, कलेक्टर ने दिए निराकरण के निर्देश

उत्तर बस्तर कांकेर, जिला कार्यालय में सोमवार को आयोजित साप्ताहिक कलेक्टर जनदर्शन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आवेदकों ने अपनी मांगों एवं समस्याओं से संबंधित 75 आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने आवेदकों से उनकी समस्याएं सुनीं और प्राप्त आवेदनों पर संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई करते हुए निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनदर्शन में ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री आवास की राशि दिलाने, स्कूल भवन में अतिरिक्त कक्ष निर्माण, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क की मरम्मत, प्राथमिक शाला में अतिरिक्त शिक्षक की व्यवस्था, हैंडपंप खनन, उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन, आंगनबाड़ी केन्द्र खोलने, आधार कार्ड एवं आबादी सर्वे सूची में नाम शामिल करने सहित विभिन्न मांगों को लेकर आवेदन प्रस्तुत किए। इसी तरह आवेदकों द्वारा वनाधिकार पट्टे की भूमि को ऑनलाइन दर्ज कराने, स्मार्ट मीटर लगाने की मजदूरी का भुगतान कराने तथा टीना शेड निर्माण सहित अन्य समस्याओं के संबंध में भी आवेदन प्रस्तुत किए गए। कलेक्टर ने प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रकरणों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों के निराकरण में अनावश्यक विलंब न हो। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के साथ निराकरण किया जाए तथा संबंधित आवेदकों को की गई कार्रवाई से अवगत कराया जाए। जनदर्शन में अपर कलेक्टर श्री ए.एस. पैकरा एवं श्री जी.डी. वाहिले, सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button