Featureछत्तीसगढ़

जिले में सेवा संकल्प अभियान का होगा 17 सितंबर से सफल आयोजन: कलेक्टर श्रीमती मिश्रा

समय-सीमा के लंबित प्रकरणों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने दिए निर्देश

बालोद, कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने कहा कि देश व प्रदेश के साथ जिले में भी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ’सेवा संकल्प अभियान’ का सफल आयोजन सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अभियान के सफल संपादन हेतु जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को नोडल अधिकारी बनाया गया है। उन्होंने अभियान के अंतर्गत होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों और गतिविधियों के संबंध में सभी संबंधित अधिकारियों से विस्तृत चर्चा करते हुए कार्यक्रम स्थल का चिन्हांकन और बेहतर ढंग से कार्यक्रम के आयोजन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने समाज कल्याण विभाग द्वारा बालोद में आयोजित किए जा रहे बाल दिव्यांग प्रमाणीकरण अभियान के संबंध में भी विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि इस प्रमाणीकरण शिविर का लाभ जिले के सभी 06 से 18 वर्ष के आयु वर्ग के दिव्यांगजनों को प्रदान करना सुनिश्चित करें। उन्होंने इसके लिए समाज कल्याण विभाग, स्वास्थ्य विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शिविर में आने वाले दिव्यांगजनों के परिवहन व्यवस्था, भोजन सहित शिविर स्थल में सभी पर्याप्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित हो। कलेक्टर ने 28 सितंबर को जिले में होने वाले ’युवा उड़ान महोत्सव’ के बेहतर आयोजन हेतु संबंधित नोडल अधिकारी को कार्यक्रम स्थल, युवा वर्ग को आमंत्रण सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन 1076 अंतर्गत प्राप्त आवेदनों की जानकारी ली। उन्होंने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि एल-1 स्तर पर ही प्राप्त शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण करते हुए उचित फीडबैक दर्ज किया जाए। श्रीमती मिश्रा ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को सर्वाइकिल कैंसर की रोकथाम सुनिश्चित करने हेतु 14 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके बालिकाओं के टीकाकरण के कार्य के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को 14 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके जिले के शत प्रतिशत बालिकाओं का अनिवार्य रूप से टीकाकरण कराने के निर्देश दिए। टीकाकरण हेतु स्वास्थ्य विभाग और शिक्षा विभाग को समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने बैठक में डिजिटल क्राॅप सर्वे के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इसके अलावा एग्रीस्टेक पंजीयन, स्वामित्व योजना, श्रम पंजीयन कार्ड का नवीनीकरण, पीएम राहत कैशलेस ट्रिटमेंट सहित अन्य फ्लैगशीप योजनाओं के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील चंद्रवंशी, अपर कलेक्टर श्री चंद्रकांत कौशिक एवं श्री नूतन कंवर सहित विभिन्न राजस्व अनुविभागीय अधिकारी एवं अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button