Featureछत्तीसगढ़रायपुर राजधानी

राज्यपाल रमेन डेका ने सपरिवार किए भगवान जगन्नाथ के दर्शन, अर्पित किया रक्षा सूत्र

विधायक पुरन्दर मिश्रा की मौजूदगी में रक्षाबंधन पर जगन्नाथ मंदिर में गूंजा श्रद्धा और आस्था का संदेश

रायपुर / रक्षाबंधन के पावन पर्व पर गायत्री नगर स्थित भगवान श्री जगन्नाथ मंदिर में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। छत्तीसगढ़ के राज्यपाल महामहिम श्री रमेन डेका जी ने सपरिवार मंदिर पहुंचकर भगवान श्री जगन्नाथ के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।

राज्यपाल श्री डेका ने भगवान जगन्नाथ को रक्षा सूत्र अर्पित कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति, खुशहाली एवं उत्तम स्वास्थ्य की मंगलकामना की। उन्होंने प्रदेशवासियों को रक्षाबंधन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं भी दीं।

इस अवसर पर रायपुर उत्तर विधायक श्री पुरन्दर मिश्रा ने राज्यपाल श्री रमेन डेका जी का स्वागत किया। विधायक श्री मिश्रा ने भी प्रदेशवासियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व भाई-बहन के पवित्र स्नेह, विश्वास और अटूट प्रेम का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन हमारी संस्कृति में रिश्तों की मजबूती के साथ-साथ प्रेम, सौहार्द और सामाजिक समरसता का संदेश देता है। विधायक मिश्रा ने प्रदेशवासियों के सुख-शांति और समृद्धि की कामना करते हुए पर्व को आपसी प्रेम एवं भाईचारे के साथ मनाने का आह्वान किया।

रक्षाबंधन के अवसर पर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की आस्था और भक्ति का वातावरण बना रहा।

Related Articles

Back to top button