

शहीदों के परिजनों का हुआ सम्मान, उत्कृष्ट कार्य करने वाले हुए सम्मानित
सांस्कृतिक प्रस्तुति में विद्यार्थियों ने किया देशभक्ति व लोक गीतों पर आधारित मनमोहक नृत्य
उत्तर बस्तर कांकेर / 80वें राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस जिले में उत्साहपूर्वक हर्ष एवं उमंग के साथ मनाया गया। स्वतंत्रता दिवस समारोह का जिला स्तरीय कार्यक्रम नरहरदेव पीएमश्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के खेल परिसर में पूरे उत्साह, हर्षोल्लास एवं गरिमामय ढंग से आयोजित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, पुनर्वास एवं उच्च शिक्षा मंत्री श्री टंकराम वर्मा ने राष्ट्रध्वज तिरंगा फहराकर परेड की सलामी ली तथा प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का आमजनता के नाम संदेश का वाचन किया। तत्पश्चात पुलिस के जवानों के द्वारा हर्ष फायर किया गया, साथ ही 12 टोलियांे के द्वारा एक ताल में मार्चपास्ट किया गया। समारोह में विद्यालयीन छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति एवं लोक गीतों पर आधारित मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शासकीय सेवकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस समारोह में सम्मानित किया गया।
जिला मुख्यालय कांकेर में आज 80वें स्वतंत्रता दिवस का आयोजन किया गया जिसमें नरहरदेव पीएमश्री विद्यालय के खेल परिसर में मंत्री श्री टंकराम वर्मा सुबह ठीक 9 बजे पहुंचे तथा इसके साथ ही राष्ट्रगीत वंदे मातरम् गायन किया गया, इसके पश्चात राष्ट्रध्वज तिरंगा फहराकर राष्ट्रगान जनगणमन गया गया। इसके बाद मुख्य अतिथि श्री वर्मा ने जिप्सी पर सवार होकर मैदान के चारों तरफ मौजूद 12 प्लाटूनों के जवानों से सलामी ली। इस दौरान उनके साथ कलेक्टर श्री निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर और एस.पी. श्री निखिल राखेचा भी उपस्थित थे। परेड के निरीक्षण पश्चात मुख्य अतिथि मंत्री ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में प्रदेश की जनता के नाम संदेश का वाचन किया। इसके बाद हर्ष एवं उमंग के प्रतीक गुब्बारे नील गगन में छोड़े गए, जिसमें विभिन्न योजनाओं को अंकित किया गया। तदुपरांत पुलिस बल के जवानों के द्वारा राष्ट्रगान की धुन के साथ हर्ष फायर किया गया। समारोह में परेड कमांडर रक्षित केन्द्र कांकेर श्री गोविन्द वर्मा के नेतृत्व मंे जिला पुलिस बल के पुरुष एवं महिला, नगरसेना, बस्तर फाइटर्स महिला, वन विभाग सहित विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के एनसीसी एवं एनएसएस कैडेट्स, स्काउण्ड गाइड, रेडक्रॉस की कुल 12 प्लाटूनों के द्वारा लयबद्ध तरीके से कदमताल करते हुए आकर्षक मार्चपास्ट किया गया, जिसके उपरांत मुख्य अतिथि ने प्लाटूनों के दल प्रमुखों से परिचय प्राप्त किया तथा विभिन्न मोर्चों में अपने प्राणों की आहुति देने वाले जिले के 107 वीर जांबाज शहीद जवानों के परिजनों को मुख्य अतिथि के द्वारा शॉल-श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।
स्वतंत्रता दिवस समारोह में 22 स्कूलों के 1000 छात्र-छात्राओं के द्वारा सामूहिक पी.टी. का प्रदर्शन किया गया। इसके बाद विद्यालयीन छात्र-छात्राओं के द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई। इसमें कन्या शासकीय आवासीय विद्यालय बेवरती, शासकीय कन्या आश्रम सिंगारभाट, नरहरदेव शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कांकेर, सरस्वती शिशु मंदिर कांकेर, शहीद रामकुमार कन्या शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कांकेर, पैराडाइज हायर सेकण्डरी स्कूल कांकेर तथा स्वामी विवेकानंद शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गढ़पिछवाड़ी कांकेर के छात्र-छात्राओं के द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत गीतों तथा लोक गीतों पर चित्ताकर्षक व मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। इसके बाद विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले 104 शासकीय सेवकों सहित नागरिकों, समाजसेवियों तथा मीडिया प्रतिनिधि को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर उन्हें सम्मानित किया गया।
*मार्च पास्ट और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दल सम्मानित*
स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह के मार्चपास्ट में गैर शालेय वर्ग में शासकीय भानुप्रतापदेव महाविद्यालय कांकेर एनसीसी नेे प्रथम, बस्तर फाइर्टस महिला वर्ग को द्वितीय तथा नगर सेना बल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार शालेय वर्ग से शहीद रामकुमार यादव कन्या विद्यालय के स्काउट गाइड् प्रथम, पंडित विष्णुप्रसाद शर्मा विद्यालय गोविंदपुर कांकेर के एनसीसी बालक द्वितीय और पंडित विष्णुप्रसाद शर्मा विद्यालय गोविंदपुर कांकेर के एनएसएस बालिका को तृतीय स्थान मिला। इसके अलावा परेड में शामिल टोलियों में से गैर शालेय वर्ग से शासकीय भानुप्रतापदेव महाविद्यालय कांकेर के प्लाटून कंमाडर श्री लेखेन्द्र कश्यप तथा शालेय वर्ग से शहीद राम कुमार कन्या विद्यालय की प्लाटून कंमाडर कु. निशी यादव को बेस्ट प्लाटून कमांडर के रूप में सम्मानित किया गया। इसके अलावा व्यायाम निर्देशक श्री गौरव टांडिया, सुश्री माधुरी साहू, श्री धीरेन्द्र रजक तथा ज्ञानेशबंधु आर्य को स्मृति चिन्ह व कप भेंट कर सम्मानित किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शासकीय कन्या आश्रम सिंगारभाट के विद्यार्थियों ने प्रथम स्थान प्राप्त कर जीत हासिल की। इसके अलावा सुभाषचंन्द्र बोस कन्या आश्रम बेवरती को द्वितीय तथा पीएमश्री नरहरदेव शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने तृतीय स्थान प्राप्त किया, जिन्हें मुख्य अतिथि केबिनेट मंत्री श्री वर्मा, कांकेर विधायक श्री आशाराम नेताम, कलेक्टर एवं एसपी ने शील्ड एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इसी तरह सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति की कड़ी में शहीद रामकुमार यादव कन्या विद्यालय, पैराडाइज उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कांकेर, सरस्वती शिशु मंदिर गढ़पिछवाड़ी तथा स्वामी विवेकानंद विद्यालय शांति नगर कांकेर के विद्यार्थियों को विशेष सांत्वना पुरस्कार से नवाजा गया।
इस अवसर पर हस्तशिल्प बोर्ड की अध्यक्ष श्रीमती शालिनी राजपूत, जिला पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती किरण नरेटी, नगरपालिका कांकेर के अध्यक्ष श्री अरूण कौशिक, पूर्व विधायक श्रीमती सुमित्रा मारकोले, जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री संजीव कुमार टामक एवं न्यायाधीशगण, जिला पंचायत के सीईओ श्री हरेश मण्डावी, अपर कलेक्टर श्री जितेन्द्र कुर्रे एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, मीडिया प्रतिनिधिगण सहित प्रतिष्ठित एवं गणमान्य नागरिक व बड़ी संख्या छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।





