Featureछत्तीसगढ़

पर्यावरण संरक्षण से ही सुरक्षित रहेगा मानव जीवन-विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह

राजनांदगांव में किया पौधरोपण

रायपुर,देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने राजनांदगांव प्रवास के दौरान भारतरत्न स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी शासकीय मेडिकल कॉलेज परिसर में मौलश्री का पौधा लगाया। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने पंचतत्वों के संतुलन और पर्यावरण संरक्षण को मानव अस्तित्व के लिए अनिवार्य बताया।

पर्यावरण संरक्षण से ही सुरक्षित रहेगा मानव जीवन-विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह

डॉ. रमन सिंह ने कहा कि पृथ्वी, जल, अग्नि, वायु और आकाश जैसे पंचतत्वों से ही सृष्टि और मानव जीवन संचालित होता है। प्रकृति हमें निःशुल्क जीवनदायिनी संसाधन देती है। कोरोना काल का स्मरण कराते हुए उन्होंने कहा कि ऑक्सीजन का असली महत्व सभी ने संकट के समय समझा था, इसलिए भावी पीढ़ी और मानव जीवन की सुरक्षा के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना व उनका संरक्षण करना बेहद जरूरी है।

उन्होंने मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों और भावी चिकित्सकों से प्रकृति संरक्षण को अपनी नैतिक जिम्मेदारी का हिस्सा बनाने का आग्रह किया। साथ ही, सूर्य की ऊर्जा को अक्षय बताते हुए स्वच्छ और हरित भविष्य के लिए सौर ऊर्जा का अधिक से अधिक उपयोग करने का संदेश दिया। उन्होंने आम, जामुन, पीपल, बरगद, आंवला जैसे फलदार व उपयोगी पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखरेख की अपील की।

इस अवसर पर महापौर श्री मधुसूदन यादव ने स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों को नमन करते हुए बताया कि राजनांदगांव में इस वर्ष लगभग 10 हजार पौधों के रोपण का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें आगामी फिजियोथेरेपी सेंटर परिसर के 200 पौधे भी शामिल हैं। उन्होंने नागरिकों से नगर निगम और वन विभाग के माध्यम से पौधे प्राप्त कर इस अभियान में जुड़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में अध्यक्ष राजगामी संपदा न्यास श्रीमती पूर्णिमा साहू, जनप्रतिनिधिगण, आईजी श्री अजय कुमार यादव, कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव, मेडिकल कॉलेज के डीन श्री पंकज लुका सहित चिकित्सक एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button