Featureकांकेरछत्तीसगढ़

कांकेर में भालू का खूनी हमला, दो भाई-बहनों की मौत; घायल बहन अस्पताल में भर्ती

कांकेर, छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां भालू के हमले में 38 साल के एक व्यक्ति और उसकी बहन की मौत हो गई, जबकि एक अन्य बहन घायल हो गई। वन विभाग के एक अधिकारी ने इस मामले की जानकारी देते हुए बताया कि भालू के बच्चे की मौत के बाद वो गुस्से में था, जिसके बाद घटना को अंजाम दिया है। इस घटना के बाद इलाके में डर का माहौल बना हुआ है।

3 लोगों को बनाया निशाना

भालू के हमले में दो लोगों की मौत की जानकारी देते हुए अधिकारी ने बताया कि यह घटना दोपहर में नरहरपुर वन परिक्षेत्र के लारगांव मरकाटोला में हुई, जब तीनों भाई-बहन खेत में थे। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान हलाल खोर जुर्री (38) और चमरीन बाई (40) के रूप में हुई है, जबकि हमले में उनकी बहन खोरिन बाई (30) घायल हो गई। बताया जा रहा है कि, खोरिन को कांकेर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे।

बच्चे की मौत के बाद हमलावर हुई थी मादा भालू

इस मामले की जानकारी देते हुए गांव के लोगों ने बताया कि, मंगलवार को अपने एक बच्चे की मौत के बाद मादा भालू आक्रामक हो गई थी। उन्होंने बताया कि हमले के बाद भी भालू शवों के पास ही रही और उन पर पंजे मारती रही।

सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया है, जिसमें मृतकों के शव के पास मादा भालू दिखाई दे रही है। मौके पर मौजूद कांकेर के विधायक आशाराम नेताम ने कहा कि जब वन विभाग के अधिकारी गांव पहुंचे, तब भालू शवों के पास ही मौजूद थी। उस पर कड़ी नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को उस इलाके से दूर रहने की सलाह दी गई है।

Related Articles

Back to top button