Featureछत्तीसगढ़

मानवता की सेवा में आरक्षक का योगदान, सम्मानित हुआ ‘छत्तीसगढ़ रत्न’ से

रायगढ़: रक्तदान और निस्वार्थ मानव सेवा के क्षेत्र में लगातार किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों के लिए रायगढ़ पुलिस के आरक्षक रवि श्रीवास को प्रतिष्ठित *’छत्तीसगढ़ रत्न सम्मान 2026’* से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें 2 अगस्त को रायपुर स्थित मेकाहारा अस्पताल परिसर में हेल्पिंग हैंड्स क्लब फाउंडेशन द्वारा आयोजित भव्य सम्मान समारोह में प्रदान किया गया।

समारोह में प्रदेश के वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी तथा प्रदेश के कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार, अनुसूचित जाति विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब के हाथों आरक्षक रवि श्रीवास को प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह, शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर प्रदेश के विभिन्न जिलों से समाज सेवा, रक्तदान, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं जनकल्याण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले समाजसेवियों को भी सम्मानित किया गया।

उल्लेखनीय है कि आरक्षक रवि श्रीवास अपनी पुलिस ड्यूटी के साथ-साथ लंबे समय से श्री साईं रक्तदान समिति के माध्यम से रक्तदान एवं मानव सेवा के कार्यों से जुड़े हुए हैं। उन्होंने न केवल स्वयं नियमित रक्तदान किया है, बल्कि हजारों युवाओं और नागरिकों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित किया है। जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने, आपातकालीन परिस्थितियों में रक्तदाताओं का नेटवर्क तैयार करने तथा रक्तदान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

आरक्षक रवि श्रीवास और उनकी समिति का मानना है कि “रक्तदान महादान” केवल एक संदेश नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद को जीवनदान देने का सबसे सरल और प्रभावी माध्यम है। उनके प्रयासों से अनेक गंभीर मरीजों, दुर्घटना पीड़ितों, प्रसूताओं एवं थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों को समय पर रक्त उपलब्ध हो सका है। मानवता की सेवा के प्रति उनके समर्पण ने उन्हें समाज में एक अलग पहचान दिलाई है।

इस सेवा अभियान को आगे बढ़ाने में उन्हें वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह का सतत मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन प्राप्त हो रहा है। रायगढ़ पुलिस द्वारा सामाजिक सरोकारों से जुड़े अभियानों में सक्रिय भागीदारी को भी उनके कार्यों से नई प्रेरणा मिली है। समाजहित में किए जा रहे उनके योगदान की विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक एवं जनसेवी मंचों पर समय-समय पर सराहना होती रही है।

रक्तदान के अलावा रवि श्रीवास सड़क दुर्घटना पीड़ितों की सहायता, जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की व्यवस्था, युवा जागरूकता कार्यक्रमों तथा विभिन्न सामाजिक अभियानों में भी सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। उनके प्रयासों से अनेक युवाओं में समाज सेवा के प्रति सकारात्मक सोच विकसित हुई है और स्वैच्छिक रक्तदान को एक जनआंदोलन का स्वरूप देने में मदद मिली है।

सम्मान प्राप्त करने के बाद रवि श्रीवास ने इस सम्मान का श्रेय अपने सभी सहयोगियों, स्वैच्छिक रक्तदाताओं, श्री साईं रक्तदान समिति के सदस्यों तथा उन सभी लोगों को दिया, जिन्होंने हर कठिन समय में मानव सेवा के इस अभियान को सफल बनाने में योगदान दिया। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी वे रक्तदान जागरूकता अभियान को और व्यापक स्तर पर संचालित करते हुए जरूरतमंद मरीजों की सहायता तथा समाज सेवा के कार्य पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता और समर्पण के साथ जारी रखेंगे।

यह सम्मान न केवल रवि श्रीवास की व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि रायगढ़ पुलिस के उस मानवीय और संवेदनशील स्वरूप का भी प्रतीक है, जो कानून व्यवस्था के साथ-साथ समाज सेवा के क्षेत्र में भी निरंतर अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

Related Articles

Back to top button