

रायपुर / व्यापारियों के बैंक खाते म्यूल अकाउंट एवं साइबर अपराधों से संबंधित मामलों के कारण ब्लॉक होने की बढ़ती समस्या को लेकर रायपुर सराफा एसोसिएशन एवं छत्तीसगढ़ सिल्वर होलसेल एसोसिएशन के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने आज रायपुर पुलिस कमिश्नर आदरणीय श्री संजीव शुक्ला जी से महत्वपूर्ण एवं सार्थक मुलाकात की।

मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने व्यापारियों के सामने आ रही समस्याओं से पुलिस कमिश्नर को अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि किसी व्यापारी का बैंक खाता ब्लॉक होने पर उसके व्यापारिक लेन-देन के साथ-साथ EMI, कार एवं होम लोन, GST भुगतान, सरकारी भुगतान तथा अन्य आवश्यक वित्तीय दायित्व भी प्रभावित होते हैं। इससे व्यापारी को गंभीर व्यावहारिक एवं आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
पुलिस कमिश्नर श्री संजीव शुक्ला जी ने व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और समझा। उन्होंने स्पष्ट किया कि साइबर अपराधों की रोकथाम एवं साइबर पीड़ितों की राशि को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से देश के किसी भी हिस्से की पुलिस द्वारा किसी बैंक खाते को ब्लॉक कराया जा सकता है। उन्होंने व्यापारियों को आश्वासन दिया कि आवश्यकता पड़ने पर पुलिस प्रशासन हरसंभव सहयोग के लिए सदैव तत्पर रहेगा।
इस अवसर पर पुलिस कमिश्नर श्री संजीव शुक्ला जी ने व्यापारियों के लिए साइबर जागरूकता कार्यशाला आयोजित करने का सुझाव दिया तथा अपनी साइबर टीम भेजने की सहमति प्रदान की। साथ ही, उन्होंने स्वयं भी उक्त कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होने की सहमति दी।
इसके पश्चात प्रतिनिधिमंडल ने अतिरिक्त पुलिस आयुक्त आदरणीय श्री अमित तुकाराम कांबले जी से भी मुलाकात कर व्यापारियों की समस्याओं एवं बैंक खाते ब्लॉक होने से उत्पन्न होने वाली परेशानियों के संबंध में विस्तारपूर्वक चर्चा की।
प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि व्यापारी साइबर अपराधों की रोकथाम एवं जांच की प्रक्रिया में हरसंभव सहयोग के लिए तैयार हैं। साथ ही, खाते ब्लॉक होने की स्थिति में व्यापारियों को होने वाली व्यावहारिक परेशानियों के समाधान की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त श्री अमित तुकाराम कांबले जी ने इस दिशा में हरसंभव सहयोग एवं प्रयास का आश्वासन दिया तथा ऐसी परिस्थितियों में 2 से 3 दिनों के भीतर खाता अनब्लॉक कराने की प्रक्रिया को संभव बनाने की दिशा में प्रयास करने की बात कही। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि 100 प्रतिशत सुरक्षा की गारंटी संभव नहीं है, लेकिन व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा।
दोनों संगठनों के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस प्रशासन के सकारात्मक रवैये एवं सहयोग के आश्वासन के लिए आभार व्यक्त किया। यह मुलाकात व्यापारिक समुदाय एवं पुलिस प्रशासन के बीच बेहतर संवाद, आपसी सहयोग एवं साइबर जागरूकता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रही।
मुलाकात में रायपुर सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री धरम भंसाली जी, सचिव श्री जितेंद्र गोलछा जी, श्री विनय गोलछा जी तथा छत्तीसगढ़ सिल्वर होलसेल एसोसिएशन के सचिव श्री चंद्र प्रकाश गोलछा जी एवं श्री अभय कोठारी जी उपस्थित रहे।



