Featureअंतर्राष्ट्रीयखेलराष्ट्रीय

पीवी सिंधु ने रचा इतिहास, फाइनल में मारी एंट्री, ओलंपिक चैंपियन चेन युफेई को हराया

पीवी सिंधु जापान ओपन 2026 के फाइनल में पहुंचीं।

खेल / भारत की स्टार शटलर पीवी सिंधु ने शनिवार को जापान ओपन 2026 के महिला सिंगल्स के सेमीफाइनल में इतिहास रच दिया. 31 साल की सिंधु ने दुनिया की चौथे नंबर की खिलाड़ी चेन युफेई को मात देकर पहली बार इस टूर्नामेंट के फाइनल में एंट्री की है. इस जीत के साथ ही सिंधु ने चीनी प्रतिद्वंदी के खिलाफ लगातार पांच मैचों से चले आ रहे हार के सिलसिले को भी खत्म कर दिया है. इस सेमीफाइनल मुकाबले में जब सिंधु 21-19, 15-10 से आगे चल रही थीं, तब चेन युफेई को हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण मैच के बीच से ही हटना पड़ा. जिसके चलते पीवी सिंधु को फाइनल का टिकट मिल गया.

इस बड़े मुकाबले में सिंधु की रणनीति बिल्कुल थी, शुरुआत से ही बढ़त बनाना और उसे लंबे समय तक कायम रखना. हालांकि मैच की शुरुआत आदर्श नहीं रही क्योंकि युफेई ने शुरुआती खेल में लीड हासिल कर ली थी. लेकिन सिंधु ने जल्द ही शानदार वापसी की और पहले गेम के बीच तक चार अंकों की मजबूत बढ़त बना ली. इसके बाद पूर्व ओलंपिक चैंपियन चेन युफेई ने वापसी की कोशिश की और स्कोर को 19-19 की बराबरी पर ला खड़ा किया. इसके बावजूद सिंधु ने धैर्य नहीं खोया और मिले पहले गेम पॉइंट को भुनाते हुए पहला गेम 21-19 से अपने नाम कर लिया.

दूसरे गेम में भी कहानी वैसी ही रही. सिंधु ने शुरुआती खेल से ही मैच पर अपना दबदबा बनाए रखा. उन्होंने आसानी से 15-10 की बढ़त हासिल कर ली थी, जिसके बाद चीनी खिलाड़ी ने दर्द के कारण मैच को आगे न खेलने का फैसला किया.

साल 2024 के बाद पहला फाइनल

यह इस सीजन का सिंधु का पहला फाइनल मुकाबला है, जो कि एक सुपर 750 (Super 750) इवेंट में आया है. भारतीय दिग्गज ने आखिरी बार साल 2024 में कोई फाइनल खेला था, जब उन्होंने सैयद मोदी इंटरनेशनल का खिताब जीता था. इस जीत के साथ ही सिंधु ने बैडमिंटन कोर्ट पर अपनी शानदार वापसी को जारी रखा है. गौरतलब है कि इस साल की शुरुआत में सिंधु की रैंकिंग गिरकर वर्ल्ड में 18वें स्थान पर पहुंच गई थी. लेकिन अपने दमदार प्रदर्शन के दम पर उन्होंने फिर से टॉप-10 में वापसी की है और अब वो दुनिया की 9वें नंबर की खिलाड़ी बन चुकी हैं.

 फाइनल में किससे होगी भिड़त ?

अब रविवार को होने वाले खिताबी मुकाबले में पीवी सिंधु का सामना दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगा. दूसरा सेमीफाइनल जापान की अकाने यामागुची और इंडोनेशिया की पुत्री कुसुमा वर्दनी के बीच खेला जाना है. इस धमाकेदार प्रदर्शन के बाद फैंस को उम्मीद है कि सिंधु अपने इस शानदार फॉर्म को फाइनल में भी जारी रखेंगी और साल का अपना पहला खिताब देश के नाम करेंगी.

Related Articles

Back to top button