Featureछत्तीसगढ़

जज की कुर्सी पर टोटका करने पहुंची 65 साल की महिला! CCTV में कैद हुई करतूत, कोर्ट ने भेजा जेल

कर्नाटक। कर्नाटक में एक महिला ने फैसले पर असर डालने के लिए सारी हदें पार कर दीं हैं। खबर है कि उसने भरी अदालत में न्यायाधीश की कुर्सी पर टोटका करने की कोशिश की। उसकी पूरी करतूत सीसीटीवी में भी कैद हो गई है, जिसके बाद उसे पुलिस हिरासत में भेजा है। इस पूरे मामले को विस्तार से समझते हैं।
घटना दक्षिण भारतीय राज्य के चिकबल्लापुर की है। पुलिस ने अतिरिक्त वरिष्ठ सिविल न्यायाधीश की कुर्सी पर टोटका करने के आरोप में एक महिला को गिरफ्तार किया है। महिला की उम्र 65 वर्ष बताई जा रही है और उसका नाम मंजुला है। शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी थी और काला जादू करने की प्रक्रिया सीसीटीवी में रिकॉर्ड भी हुई थी।
मामला दो दिन पहले रिकॉर्ड हुए सीसीटीवी फुटेज के जरिए सामने आया था। रिकॉर्डिंग में देखा जा रहा था कि महिला कोर्टरूम में कुछ कर रही है। एक अधिकारी ने कहा, ‘फुटेज में नजर आ रहा है कि महिला ने दो दिन पहले जज की कुर्सी पर सफेद सरसों के दाने फेंके थे।’ पुलिस ने कोर्ट के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी नेत्रा की शिकायत के आधार पर कार्रवाई की थी। इसके बाद केस दर्ज किया गया और जांच शुरू की गई। पुलिस ने कुछ ही समय में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया था। हालांकि, पूछताछ के दौरान आरोपी महिला ने पुलिस को क्या बताया है, यह अब तक साफ नहीं हो सका है।
पुलिस ने बताया कि महिला के खिलाफ केस दर्ज हो गया है। पुलिस ने बताया, ‘कोर्ट ने महिला को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजा है।’ मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जांचकर्ताओं को संदेह है कि महिला ने एक दीवानी मामले में मुकदमे का रुख बदलने के मकसद से ये सब किया था। कहा जा रहा है कि महिला इस केस में कथित तौर पर शामिल है। हालांकि, इसे लेकर पुलिस ने आधिकारिक रूप से कुछ नहीं कहा है और आगे की जांच चल रही है। महिला ने किस मामले को लेकर जादू टोना करने की कोशिश की है, यह भी अब तक साफ नहीं हो सका है।

Related Articles

Back to top button