
• जीवनदीप समिति की बैठक में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने पर दी ज़ोर
• ‘राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस’ पर डॉक्टरों का हुआ सम्मान, मरीजों को बांटे फल

धरसींवा; क्षेत्रवासियों को बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में आज एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक श्री अनुज शर्मा ने आज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, धरसींवा में आयोजित ‘जीवनदीप समिति’ की विशेष बैठक ली। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं की समीक्षा की और क्षेत्र की जनता को बड़ी सौगात देते हुए नवीन सोनोग्राफी मशीन का लोकार्पण किया। नई सोनोग्राफी मशीन की सुविधा मिलने से अब स्थानीय मरीजों को जांच के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।
समर्पित चिकित्सकों का सम्मान
आज ‘राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस’ के गरिमामय अवसर पर विधायक अनुज शर्मा ने अस्पताल में अपनी सेवाएं दे रहे सभी समर्पित डॉक्टरों और चिकित्सा कर्मियों को शॉल, श्रीफल व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। डॉक्टरों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विधायक ने कहा कि आज का दिन हमारे लिए केवल एक तारीख नहीं है, बल्कि यह उस शक्ति, उस समर्पण और उस त्याग को नमन करने का दिन है, जो चौबीसों घंटे बिना थके, बिना रुके मानवता की सेवा में लगे रहते है। आज ‘राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस’ है। इस गरिमामय अवसर पर मैं धरसींवा क्षेत्र और पूरे प्रदेश के सभी समर्पित चिकित्सकों को हृदय से बधाई देता हूँ।भगवान ने इस सृष्टि को बनाया, लेकिन इस धरती पर उस सृष्टि को बचाने, सहेजने और नया जीवन देने का जिम्मा अगर किसी को दिया, तो वो डॉक्टर्स हैं। इसलिए हमारी संस्कृति में डॉक्टर को भगवान का रूप माना गया है। चिकित्सक समाज का आधार स्तंभ हैं, जो निस्वार्थ भाव से मानवता की सेवा करते हैं। कोरोना काल से लेकर सामान्य दिनों तक डॉक्टरों का योगदान अतुलनीय है।आज मुझे बेहद खुशी है कि ‘जीवनदीप समिति’ की बैठक के साथ-साथ आज हम इस केंद्र में नवीन सोनोग्राफी मशीन का लोकार्पण कर रहे हैं। धरसींवा के मेरे भाइयों-बहनों को, हमारी गर्भवती माताओं-बहनों को छोटी-छोटी जांचों के लिए अब शहर की तरफ नहीं भागना पड़ेगा। हम तकनीक और संसाधनों के मामले में अपने क्षेत्र को मजबूत कर रहे हैं, लेकिन मैं यह भली-भांति जानता हूँ कि मशीनें सिर्फ साधन हैं, असली ‘साधना’ तो हमारे इन डॉक्टर्स की है, जो इन साधनों से लोगों की जान बचाते हैं।आइये आज इस राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस पर हम सब मिलकर यह संकल्प लें कि धरसींवा को स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक आदर्श क्षेत्र बनाएंगे। कोई भी गरीब इलाज से वंचित न रहे, यही हमारी प्राथमिकता है और यही आपकी सेवा का असली पुरस्कार।
मरीजों का जाना हालचाल, बांटे फल
बैठक और लोकार्पण के पश्चात विधायक श्री अनुज शर्मा ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां उपचाराधीन मरीजों से आत्मीय भेंट कर उनके स्वास्थ्य का कुशलक्षेम जाना। साथ ही मरीजों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना के साथ फलों का वितरण किया। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए कि मरीजों के इलाज और दवाइयों में किसी भी प्रकार की कमियाँ न बरती जाए।
इस अवसर पर विधायक अनुज शर्मा नें चिकित्सकों के साथ मिल कर अस्पताल परिसर में वृक्षारोपण भी किया।
इस जीवनदीप समिति की इस महत्वपूर्ण बैठक में विधायक अनुज शर्मा, सविता चंद्राकर, सरोज चन्द्रवंशी, के के वर्मा, खण्ड चिकित्सा अधिकारी ,अस्पताल के विशेषज्ञ डॉक्टर्स, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा प्रबुद्ध नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। बैठक में स्वास्थ्य केंद्र के विकास और आगामी कार्ययोजनाओं को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई।



