Featureछत्तीसगढ़राजनीति

अपनी कुर्सी पर लगातार मंडराते जा रहे खतरे ने बैज के मानसिक संतुलन पर गहरा असर डाल रखा है : भाजपा

मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में विधायक दीपेश साहू के विवाह को लेकर बैज के बयान पर सांसद लक्ष्मी वर्मा का तीखा पलटवार

​रायपुर / भारतीय जनता पार्टी की सांसद (राज्यसभा) लक्ष्मी वर्मा ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के विधायक दीपेश साहू के मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में विवाह को लेकर दिए गए बयान पर कड़ा प्रहार किया है। श्रीमती वर्मा ने कहा कि ऐसा लगता है कि अध्यक्ष पद की अपनी कुर्सी पर लगातार मंडराते जा रहे खतरे ने बैज के मानसिक संतुलन पर गहरा असर डाल रखा है। यही वजह है कि वे भाजपा और उसके जनप्रतिनिधियों के खिलाफ इस तरह की ऊलजुलूल और तथ्यहीन बयानबाजी करने के आदी होते जा रहे हैं।

भाजपा ​सांसद श्रीमती वर्मा ने कड़े शब्दों में सवाल किया कि क्या बैज ने यह पता लगाने की थोड़ी भी जहमत उठाई है कि इस योजना में विवाह का पंजीयन किसने कराया है? राजनीति में बने रहने के लिए हर बात में मीन-मेख निकालना और बिना तथ्यों के बोलना कांग्रेस की आदत बन चुकी है। कहीं ऐसा तो नहीं है कि कन्या पक्ष गरीबी रेखा के अंतर्गत आता हो और उस परिवार ने इस योजना के तहत पंजीयन कराया हो? चूंकि विवाह विधायक से हो रहा है, इसलिए यह प्रसंग चर्चा का विषय बना है। इसमें विधायक द्वारा गरीब का हक मारने जैसी बात कहाँ से आ गई? ​श्रीमती वर्मा ने बैज से पूछा कि उनके इस बेबुनियाद दावे का आधार क्या है कि विधायक इस योजना का अनुचित लाभ उठा रहे हैं और गरीब परिवार के हक पर डाका डाल रहे हैं? बैज को अनर्गल प्रलाप करने के बजाय तथ्यों की जानकारी रखनी चाहिए। ​कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए श्रीमती वर्मा ने कहा कि पिछले पाँच साल के अपने शासनकाल में कांग्रेसियों ने छत्तीसगढ़ में हर जगह सिर्फ और सिर्फ लूट मचाई है। सरकारी खजाने में डाका डालने वाले कांग्रेसियों को अब हर पवित्र और जनहित के कार्य में भी गड़बड़ी ही नजर आ रही है। कांग्रेस की स्थिति आज ठीक वैसी ही हो गई है, जैसे पीलिया के मरीज को सब कुछ पीला ही नजर आता है।

Related Articles

Back to top button