Featureखेल

CSK ने वानखेड़े में रच डाला इतिहास, मुंबई इंडियंस के माथे पर लगा शर्मनाक कलंक!

MI vs CSK: आईपीएल 2026 के 33वें मुकाबले में चेन्नई ने मुंबई को मात देकर 19 साल का इतिहास बदल दिया है. इस मैच में मुंबई को शर्मनाक हार मिली. ये हार उसी मैदान पर आई है, जो मुंबई का गढ़ कहलाता है. आइए जानते हैं हार्दिक पांड्या की कप्तानी में टीम पर कौन सा दाग लगा है.

MI vs CSK: मुंबई इंडियंस वो टीम है, जिसका नाम सुनते ही विरोधी टीमें कांपती थीं. इस टीम ने आईपीएल में 5 खिताब जीत रखे हैं, लेकिन 19वें सीजन में ये टीम बुरी तरह फ्लॉप है. 23 अप्रैल की रात दिग्गजों से सजी खौफनाक छवि वाली मुंबई इंडियंस का जो हश्र वानखेड़े स्टेडियम में हुआ है, उसने क्रिकेट जगत को सन्न कर दिया है. आईपीएल 2026 के 33वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने न केवल मैच जीता, बल्कि मुंबई इंडियंस के 19 साल के गौरवशाली इतिहास पर एक ऐसा ‘कलंक’ लगा दिया है, जिसे धोना लगभग नामुमकिन जैसा लग रहा है. हार्दिक पांड्या की कप्तानी में मुंबई की घर में ही सबसे बड़ी बेइज्जती हुई है.

दरअसल, आईपीएल 2026 के 33वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स ने मुंबई को 103 रनों से हरा दिया. यह हार शर्मनाक रही. आईपीएल इतिहास में यह पहली बार है जब चेन्नई सुपर किंग्स ने रनों के मामले में 100+ के अंतर से कोई जीत दर्ज की है, जबकि ऐसा पहली दफा हुआ है जब मुंबई कोई भी मैच 100+ रनों के अंतर से हारी है. यह उसकी रनों के मामले में इस लीग में सबसे बड़ी हार है, जो उसके घर यानी वानखेड़े में आई. इस तरह उसकी घर में ही बेइज्जती हो गई.

चेन्नई की टीम ने 20 ओवरों में बोर्ड पर 207 रन लगाए थे. इसमें संजू सैमसन की 101 रनों की शतकीय पारी शामिल थी. संजू ने इस शतक के दम पर एक खास उपलब्धि हासिल की. वो CSK के पहले ऐसे बल्लेबाज बन गए हैं, जिन्होंने मुंबई इंडियंस के खिलाफ शतक (101 रन) जड़ा है. 207 रनों के जवाब में मुंबई की टीम ताश के पत्तों की तरह बिखर गई. पूरी टीम 19 ओवर में 104 रनों पर सिमट गई, जो चेन्नई के खिलाफ मुंबई का अब तक का सबसे छोटा स्कोर है. वानखेड़े में यह पहली बार हुआ कि चेन्नई के खिलाफ मुंबई की पूरी टीम ऑलआउट हो गई. इससे पहले ऐसा कभी नहीं हुआ था.

हार्दिक पांड्या की कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने अपनी सबसे बड़ी हार का रिकॉर्ड बनाया है. इससे पहले साल 2013 में मुंबई को राजस्थान ने 87 रनों से हराया था, लेकिन अब 103 रनों की इस हार ने उस रिकॉर्ड को बहुत पीछे छोड़ दिया है. वानखेड़े में मुंबई की सबसे बड़ी हार पहले 39 रनों की थी, जो अब बढ़कर 103 रन हो गई है. जिस वानखेड़े के मैदान पर MI की जीत 90 फीसदी तय मानी जाती रही है, अब उसी मैदान पर टीम की नाक कट रही है, इससे फैंस हैरान और दुखी हैं.

मुंबई और चेन्नई के बीच पिछले 6 मुकाबलों को देखें, तो पलड़ा पूरी तरह से ‘येलो आर्मी’ का भारी रहा है. चेन्नई ने 6 में से 5 मैच जीते हैं.

इस जीत के साथ चेन्नई सुपर किंग्स अब प्लेऑफ की पटरी पर लौट आई है, जबकि मुंबई के लिए दरवाजे लगभग बंद होने की कगार पर हैं. मुंबई ने अब तक 7 मैच खेल लिए हैं. उसके पास सिर्फ 4 अंक हैं, क्योंकि 5 मैच मुंबई हार चुकी है, उसे सिर्फ 2 में जीत नसीब हुई थी. अब उसे बचे हुए अपने 7 मैचों में से लगभग सभी मुकाबले जीतने होंगे, तभी जाकर प्लेऑफ का टिकट मिलेगा. 2 हार उसका टॉप-4 में जाने का सपना तोड़ देंगी.

Related Articles

Back to top button