
कोंडागांव। जिला लघु वनोपज सहकारी संघ मर्यादित, कोंडागांव वनमंडल ने तेंदूपत्ता संग्रहण वर्ष 2026 की कार्ययोजना के संबध में वनमंडलाधिकारी चूड़ामणि सिंह ने बताया कि कोंडागांव वनमंडल के अंतर्गत 13 प्राथमिक वनोपज सहकारी समितियों के 245 संग्रहण केंद्रों में वर्ष 2026 के लिए 19,200 मानक बोरा तेंदूपत्ता संग्रहण का लक्ष्य तय किया गया है। इस वर्ष संग्राहकों को 5,500 रुपये प्रति मानक बोरा की दर से भुगतान किया जाएगा। मौसम और पत्तों की स्थिति को देखते हुए, 25 अप्रैल 2026 से तेंदूपत्ता खरीदी शुरू होने की संभावना है।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि वनमंडल क्षेत्र में लगभग 31 हजार परिवार इस कार्य से जुड़े हुए हैं। प्रति संग्राहक न्यूनतम 500 गड्डी गुणवत्ता युक्त तेंदूपत्ता संग्रहण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है । इन परिवारों को विभिन्न शासकीय योजनाओं के माध्यम से लाभान्वित करने और जागरूक करने के प्रयास किए जा रहे हैं। गुणवत्ता नियंत्रण को मजबूत करने के लिए विभाग ने व्यापक व्यवस्थाएं की हैं। इसके तहत 3 गुणवत्ता नियंत्रण अधिकारी, 7 जोनल अधिकारी, 13 पोषक अधिकारी, 13 प्रबंधक, 245 फड़ अभिरक्षक, 245 फड़ मुंशी, गोदाम प्रभारी और उडऩदस्ता दल सहित लगभग 700 अधिकारी-कर्मचारियों को संग्रहण, प्रसंस्करण और भंडारण कार्य में तैनात किया गया है।
कोंडागांव कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने तेंदूपत्ता संग्रहण को अधिक से अधिक गुणवत्तापूर्ण बनाने के निर्देश दिए, ताकि इससे जुड़े ग्रामीणों को अधिकतम लाभ मिल सके। उन्होंने प्रत्येक संग्राहक तक बीमा एवं छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।




