SRH vs CSK IPL 2026: आईपीएल में आज डबल हेडर खेला जा रहा है। दिन के दूसरे और सीजन के 27वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) आमने-सामने होंगी। SRH ने मौजुदा सीजन में खेले गए 5 में से 2 मैच जीते हैं, लेकिन बेहतर नेट रन रेट के कारण टीम पांचवें स्थान पर बनी हुई है। हैदराबाद ने अपने पिछले मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स को हराया था, जो इस सीजन में उनकी पहली हार थी। अब SRH अपनी जीत की लय को बरकरार रखना चाहेगी।
वहीं दूसरी तरफ CSK इस समय अंक तालिका में आठवें स्थान पर है। कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ की अगुवाई में टीम ने अब तक 5 मैचों में 2 जीत दर्ज की हैं। ऐसे में चेन्नई की नजर इस मुकाबले को जीतकर लगातार तीसरी जीत हासिल करने पर होगी।
बता दें कि SRH और CSK के बीच यह मुकाबला हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा, जबकि टॉस आधे घंटे पहले यानी 7 बजे होगा। मैच से पहले आइए दोनों टीमों के हेड-टू-हेड रिकॉर्ड, पिच रिपोर्ट, संभावित प्लेइंग 11 और लाइव स्ट्रीमिंग की डिटेल्स पर एक नजर डालते हैं।
राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम पिच रिपोर्ट
SRH मौजूदा सीजन में अपने होम ग्राउंड पर तीसरा मुकाबला खेलने उतरेगी। टीम ने यहां खेले गए पिछले दो मैचों में से एक में जीत दर्ज की है। सनराइजर्स हैदराबाद ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 216/6 का बड़ा स्कोर खड़ा किया था और 57 रनों से शानदार जीत हासिल की थी। उस मुकाबले में डेब्यूटेंट प्रफुल्ल हिंगे और साकिब हुसैन ने प्रभावशाली गेंदबाजी की थी।
हैदराबाद का यह मैदान आईपीएल में हाई-स्कोरिंग वेन्यू के तौर पर जाना जाता है। यहां बल्लेबाजों को अच्छी मदद मिलती है और बड़े स्कोर बनने की संभावना रहती है। आमतौर पर टीमें यहां टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी (चेज) करना पसंद करती हैं।
अब तक इस मैदान पर कुल 85 मैच खेले गए हैं, जिनमें लक्ष्य का पीछा करने वाली टीमों ने 48 बार जीत हासिल की है, जबकि पहले बल्लेबाजी करने वाली टीमों को 36 मैचों में सफलता मिली है।
स्टेडियम के अहम आंकड़े:
कुल मैच: 85
पहले बल्लेबाजी कर जीत: 36 (42.35%)
लक्ष्य का पीछा कर जीत: 48 (56.47%)
टॉस जीतकर जीत: 32 (37.65%)
टॉस हारकर जीत: 51 (61.18%)
बेनतीजा मैच: 1 (1.18%)
उच्चतम स्कोर: 286/6
न्यूनतम स्कोर: 80
चेज में उच्चतम स्कोर: 160/3
प्रति विकेट औसत रन: 27.33
प्रति ओवर औसत रन: 8.33
पहली पारी का औसत स्कोर: 163.49
आज के मुकाबले में भी बल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।
SRH बनाम CSK हेड-टू-हेड में किसका पलड़ा भारी?
आईपीएल इतिहास में दोनों टीमों के हेड-टू-हेड आंकड़ों पर नजर डालें तो इसमें CSK का दबदबा साफ नजर आता है। दोनों टीमों के बीच अब तक 22 मुकाबले खेले गए हैं। इस दौरान CSK ने 15 मैच अपने नाम किए हैं, जबकि SRH को केवल 7 मुकाबलों में जीत मिली है।
SRH और CSK की संभावित प्लेइंग 11
सनराइजर्स हैदराबाद (SRH)
ट्रैविस हेड, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (कप्तान, विकेटकीपर), हेनरिक क्लासन, सलिल अरोरा, अनिकेत वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, हर्ष दुबे, शिवांग कुमार, ईशान मलिंगा और प्रफुल हिंगे।
इम्पैक्ट प्लेयर: लियम लिविंग्सटन
चेन्नई सुपर किंग्स (CSK)
संजू सैमसन (विकेटकीपर), ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), आयुष म्हात्रे, सरफराज खान, डेवाल्ड ब्रेविस, शिवम दुबे, जैमी ओवरटन, नूर अहमद, अंशुल कंबोज, खलील अहमद, गुरजपनीत सिंह।
इम्पैक्ट प्लेयर: अकील हुसैन।
कहां देखें लाइव मैच?
आईपीएल 2026 के प्रसारण अधिकार स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के पास हैं। दर्शक इस मुकाबले का लाइव प्रसारण शाम 7:30 बजे से टीवी पर देख सकते हैं। वहीं, मैच की लाइव स्ट्रीमिंग JioHotstar ऐप पर उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा, लल्लूराम डॉट कॉम पर भी आप मैच से जुड़ी हर अपडेट और लाइव स्कोर देख सकते हैं।