Featureकांकेरछत्तीसगढ़

अंतागढ़ में ‘मावा मोदोल’ की तैयारियों का सीईओ ने लिया जायजा

15 दिसंबर तक कार्य पूर्ण करने के निर्देश

उत्तर बस्तर कांकेर / जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हरेश मंडावी ने अंतागढ़ में स्थापित ‘मावा मोदोल’ अध्ययन केंद्र की तैयारियों का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं, व्यवस्थाओं और प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
‘मावा मोदोल’ जिला प्रशासन की अभिनव पहल है, जिसके माध्यम से स्थानीय युवाओं को निःशुल्क कोचिंग, पुस्तकें और डिजिटल संसाधन उपलब्ध कराकर उन्हें विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ‘मावा मोदोल’ का संचालन क्षेत्र के युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण शैक्षिक अवसर साबित होगा और यह पहल अंतागढ़ के शैक्षिक विकास में नई ऊर्जा लाएगी।
निरीक्षण के दौरान सीईओ श्री मंडावी ने बैठने की व्यवस्था, पुस्तक उपलब्धता, परिसर की सफाई तथा डिजिटल संसाधनों की स्थिति की बारीकी से जांच की।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि मावा मोदोल केंद्र को 15 दिसंबर तक पूर्ण रूप से तैयार कर लिया जाए। उन्होंने परिसर में अपूर्ण टाइल्स कार्य को तत्काल पूरा करने, भवन परिसर में स्थापित खंभे को हटाने तथा साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश सीएसईबी के जेई और अन्य संबंधित विभागों को दिए।
निरीक्षण के दौरान जनपद सीईओ अंतागढ़, खंड शिक्षा अधिकारी अंतागढ़, सेजेस प्रिंसिपल, उप अभियंता RES सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button