
श्वेता का हुआ भारतीय सूचना सेवा में चयन, कलेक्टर ने दी बधाई
कांकेर / संघ लोक सेवा आयोग, नई दिल्ली द्वारा आयोजित भारतीय सूचना सेवा की परीक्षा में श्वेता शर्मा ने सफलता प्राप्त की है। सुश्री शर्मा वर्तमान में भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अंतर्गत केंद्रीय संचार ब्यूरो के कांकेर कार्यालय में पदस्थ हैं। कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने उनकी इस उपलब्धि के लिए बधाई दी है। साथ ही कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता विश्वविद्यालय के कुलपति ने अपनी शुभकामनाएं प्रकट की हैं। वह केंद्रीय संचार ब्यूरो कांकेर जिला इकाई में पिछले नौ वर्षों से आदिवासी क्षेत्रों में भारत सरकार के राष्ट्रीय विकास कार्यक्रमों के प्रचार प्रसार का दायित्व संभाल रही हैं। कांकेर के ग्रामीण आदिवासी क्षेत्रों में केंद्रीय विकास योजनाओं के सफलतापूर्वक प्रसार में उन्होंने अनेकों सम्मान एवं उपलब्धियां हासिल की हैं। श्वेता का चयन प्रतिष्ठित भारतीय सूचना सेवा (Indian Information Service – IIS) में हुआ है, जो भारत सरकार की एक विशिष्ट सेवा है। इस सेवा में अधिकारी मीडिया नीति, जनसंपर्क और जनसंचार के क्षेत्र में देशभर में कार्य करते हैं।



