Featureकांकेरछत्तीसगढ़

निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 11 दिसम्बर को

नगरीय निकाय आम निर्वाचन-2024 हेतु निर्वाचक नामावली तैयार करने संशोधित आदेश जारी

उत्तर बस्तर कांकेर 11 नवंबर 2024/ छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नगरीय निकायों के आम निर्वाचन 2024-25 कराए जाने फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली तैयार करने संशोधित आदेश (समय अनुसूची) जारी किया गया है। स्थानीय निर्वाचन शाखा से प्राप्त जानकारी के अनुसार द्वितीय चरण में 13 नवम्बर से दावे तथा आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी तथा इसकी अंतिम तिथि 20 नवम्बर को अपरान्ह 03 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। इसी तरह दावा-आपत्तियों कके निपटारे की अंतिम तिथि 24 नवम्बर है, जबकि प्ररूप क-1 में रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को दावा प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 27 नवंबर तथा प्राप्त दावों का निराकरण 30 नवंबर को किया जाएगा। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्राप्त दावा-आपत्तियों के निराकरण आदेश के विरूद्ध अपील निराकरण आदेश पारित होने के 05 दिवस के भीतर किया जा सकेगा। साथ ही सॉफ्टवेयर में 05 दिसम्बर तक परिवर्धन, संशोधन एवं विलोपन के प्रकरणों की प्रविष्टि की जाएगी। चेकलिस्ट की निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा जांच करवाने तथा पी.डी.एफ. मुद्रण हेतु 07 दिसम्बर तक जिला कार्यालय को सौंपा जाएगा और 10 दिसम्बर तक अनुपूरक सूची का मुद्रण और अनुपूरक सूची को मूल सूची के साथ संलग्न करने के बाद निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 11 दिसम्बर 2024 को किया जाएगा।

*आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत*
उत्तर बस्तर कांकेर 11 नवंबर 2024/ कलेक्टर श्री नीलेश महादेव क्षीरसागर द्वारा राजस्व पुस्तक परिपत्र खण्ड 6-4 के तहत प्रदत्त अधिकारों का प्रयोग करते हुए गड्ढा गिरने एवं कुंआ में डूबने से मृत्यु हो जाने के दो प्रकरण में उनके निकटतम परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। नरहरपुर तहसील के ग्राम चनार के 06 वर्षीय देवीना सलाम की गड्ढा में गिरने से मृत्यु हो जाने पर उनके माता-पिता श्री महावीर सलाम तथा श्रीमती प्रेमबती को चार लाख रूपए तथा सरोना तहसील के ग्राम बासनवाही निवासी 17 वर्षीय नोमेश्वरी पटेल की कुंआ में डूबने से मृत्यु हो जाने पर उनके निकटतम परिजन श्री सूरजभान पटेल और श्रीमती कांतिबाई पटेल को संयुक्त रूप चार लाख रूपये की सहायता राशि कलेक्टर द्वारा स्वीकृत की गई है।

Related Articles

Back to top button