ChhattisgarhFeature

बलौदाबाजार: धनतेरस पर घर में फैला मातम, करंट की चपेट में आए पिता-पुत्र की मौत, मां गंभीर

बलौदाबाजार : धनतेरस के दिन एक परिवार की खुशियां आने के बजाय मातम पसर गया. यहां एक परिवार में हाईवोल्टेज करंट की चपेट में आने से पिता पुत्र की मौत हो गई.जबकि मां गंभीर रूप से झुलस गई है. महिला को बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया है. घटना के बाद इलाके में शोक और अफरा-तफरी का माहौल है.

घर के बाहर से गुजरी है हाईटेंशन लाइन
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना शहर के नेहरू चौक की है. यहां राकेश गुप्ता के घर के बाहर से हाईटेंशन बिजली की लाइन गुजर रही है. बताया जा रहा है कि यह लाइन घर से महज पांच फीट की दूरी पर है. घटना के समय राकेश गुप्ता करंट की चपेट में आ गए. उन्हें बचाने के प्रयास में उनकी पत्नी वर्षा और बेटा ईशान भी लाइन के चपेट में आ गए. देखते ही देखते परिवार के तीन सदस्य इस हादसे का शिकार हो गए.

पिता-पुत्र की मौत, मां की हालत गंभीर

हादसे में राकेश गुप्ता और उनके बेटे ईशान की मौत हो गई. वहीं वर्षा गंभीर रूप से झुलस गईं.उन्हें तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया.प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किए जाने की जानकारी सामने आई है.

मौके पर पहुंची पुलिस, जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और करंट की चपेट में आने की वास्तविक वजह क्या थी, इसकी जांच की जा रही है.

सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
इस हादसे ने रिहायशी इलाकों से गुजरने वाली हाईटेंशन बिजली लाइनों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. यदि घर से महज पांच फीट की दूरी पर हाईटेंशन लाइन गुजर रही थी, तो उसके आसपास पर्याप्त सुरक्षा दूरी, इंसुलेशन और अन्य सुरक्षा इंतजाम थे या नहीं, इसकी जांच जरूरी है. अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि बिजली विभाग इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और हादसे के कारणों की जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं.फिलहाल एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत और एक महिला के गंभीर रूप से घायल होने से पूरे इलाके में शोक का माहौल है.

Related Articles

Back to top button