ChhattisgarhFeature

स्वच्छता की मिसाल, कचरे के ढेर की बदली तस्वीर, निगम ने कराया सौंदर्यीकरण

रायपुर। राजधानी रायपुर में स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत नगर निगम द्वारा लगातार सफाई और सौंदर्यीकरण कार्य किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में नगर निगम जोन क्रमांक 9 के सड्डू क्षेत्र स्थित चैतन्य ग्रीन्स आवासीय परिसर के पास लंबे समय से जमा कचरे, गंदगी और मलबे को हटाकर संबंधित स्थल का कायाकल्प किया गया है। नगर निगम की स्वास्थ्य विभाग की टीम ने स्थानीय रहवासियों और संबंधित बिल्डर के सहयोग से सफाई अभियान चलाकर यहां सीटीयू (स्वच्छता लक्षित इकाई) विकसित की है। इसके माध्यम से नागरिकों को स्वच्छता बनाए रखने का सकारात्मक संदेश दिया गया है।

नगर निगम की महापौर मीनल चौबे, स्वास्थ्य विभाग की अध्यक्ष गायत्री चंद्राकर और आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देशानुसार शहर के विभिन्न क्षेत्रों में गंदगी से प्रभावित स्थानों को चिह्नित कर सफाई अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत कचरे के ढेर वाले स्थानों को साफ करने के साथ उनका सौंदर्यीकरण भी किया जा रहा है, ताकि वहां दोबारा गंदगी फैलने से रोका जा सके। जानकारी के अनुसार, पिछले दिनों नगर निगम जोन 9 के जोन कमिश्नर हितेंद्र यादव ने जोन स्वास्थ्य अधिकारी अमित बेहरा और स्वच्छता निरीक्षक भोला तिवारी की उपस्थिति में सड्डू क्षेत्र का निरीक्षण किया था। इस दौरान चैतन्य ग्रीन्स आवासीय परिसर के समीप सड़क किनारे भारी मात्रा में कचरा, गंदगी और निर्माण मलबा जमा मिला। सड़क किनारे फैली गंदगी को देखते हुए जोन कमिश्नर ने तत्काल संबंधित बिल्डर को मौके पर बुलवाया।

जोन कमिश्नर ने बिल्डर को स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत इस स्थान की सफाई और सौंदर्यीकरण में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए कहा। इसके बाद नगर निगम जोन 9 के स्वास्थ्य विभाग की टीम, संबंधित बिल्डर और चैतन्य ग्रीन्स आवासीय परिसर के रहवासियों ने मिलकर सफाई अभियान शुरू किया। सफाई अभियान के दौरान सड़क किनारे जमा कचरे और मलबे को हटाया गया। स्थानीय रहवासियों ने भी श्रमदान कर अभियान में सहयोग दिया। सामूहिक प्रयासों से गंदगी से प्रभावित स्थल को साफ-सुथरा बनाया गया। इसके बाद संबंधित बिल्डर की सहभागिता से वहां रंग-रोगन और पेंटिंग का कार्य कराया गया।

सौंदर्यीकरण के तहत दीवारों और आसपास के हिस्सों को आकर्षक रूप दिया गया है। इसके अलावा नागरिकों की सुविधा के लिए वहां दो कुर्सियां भी रखवाई गई हैं। नगर निगम का उद्देश्य इस स्थान को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के साथ लोगों को सार्वजनिक स्थानों की साफ-सफाई के प्रति जागरूक करना है। नगर निगम जोन 9 के स्वास्थ्य विभाग की ओर से अब इस स्थल पर स्वच्छता से संबंधित जनजागरूकता संदेश और आकर्षक स्लोगन लिखवाने की तैयारी की जा रही है। यह कार्य भी संबंधित बिल्डर की सहभागिता से कराया जाएगा। इन संदेशों के माध्यम से नागरिकों को सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं फेंकने और आसपास सफाई बनाए रखने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

नगर निगम प्रशासन द्वारा स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत सभी जोनों में ऐसे स्थानों की पहचान की जा रही है, जहां लगातार कचरा जमा होने से गंदगी फैलती है। इन स्थानों पर विशेष सफाई अभियान चलाकर सीटीयू विकसित करने की पहल जारी है। सड्डू क्षेत्र में हुए इस कार्य के जरिए नगर निगम ने जनभागीदारी का सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत किया है। स्वास्थ्य विभाग, बिल्डर और स्थानीय रहवासियों के सामूहिक प्रयासों से गंदगी से प्रभावित स्थान को नया स्वरूप मिला है। नगर निगम ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें, ताकि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सके।

Related Articles

Back to top button