
जिला स्तरीय निःशुल्क आयुष चिकित्सा शिविर 14 अक्टूबर को
उत्तर बस्तर कांकेर,छत्तीसगढ़ सेवा संकल्प अभियान के उपलक्ष्य में नागरिकों के सम्मान में स्वस्थ नागरिक-स्वस्थ परिवार के लक्ष्य को साकार करने के उद्देश्य से 14 अक्टूबर बुधवार को आयुष पॉलीक्लिनिक श्रीरामनगर कांकेर में जिला स्तरीय निःशुल्क आयुष चिकित्सा शिविर (आयुष मेगा कैम्प) का आयोजन सुबह 10 बजे से शाम 04 बजे तक किया जाएगा। उक्त शिविर के मुख्य अतिथि कांकेर विधायक श्री आशाराम नेताम होंगे तथा अध्यक्षता नगरपालिका अध्यक्ष श्री अरूण कौशिक द्वारा की जाएगी। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण नरेटी, रामनगर के पार्षद श्री अजय रेणु सहित ग्राम पंचायत ठेलकाबोड़ के सरपंच एवं उप संरपंच मौजूद रहेंगे।
शिविर में महिलाओं के स्वास्थ्य संवर्धन के तहत बालिकाओं, युवतियों एवं प्रौढ़ महिलाओं से संबंधित विभिन्न बीमारियों की जांच और उपचार किया जाएगा। शिशुओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य संवर्धन के लिए स्वर्णप्राशन की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके साथ ही सिकल सेल, एनीमिया, सूखा रोग तथा अन्य बाल रोगों के उपचार एवं परामर्श की व्यवस्था की जाएगी। युवा एवं खिलाड़ियों के लिए स्पोर्ट्स मेडिसिन के माध्यम से स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया जाएगा। वहीं उदर रोग, छाती संबंधी बीमारियों, चर्म रोग और मानसिक विकारों से पीड़ित नागरिक भी चिकित्सा सेवाओं का लाभ ले सकेंगे। वरिष्ठ नागरिकों के लिए गठिया-वात, किडनी, उदर एवं चर्म रोग सहित वृद्धावस्था से संबंधित अन्य बीमारियों के उपचार पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
आयुर्वेद, होम्योपैथी और यूनानी चिकित्सा की मिलेगी सुविधा
आयुष मेगा कैम्प में आयुर्वेद, होम्योपैथी, यूनानी चिकित्सा तथा योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा की सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। शिविर में विशेष रूप से पंचकर्म, कपिंग थेरेपी, अग्निकर्म पद्धति और एक्यूपंक्चर चिकित्सा, आयुष प्रदर्शनी, रक्त जांच, नेत्र जांच तथा गैर-संचारी रोग (एनसीडी) क्लीनिक के माध्यम से नागरिकों को स्वास्थ्य संबंधी सेवाएं एवं परामर्श प्रदान किया जाएगा। जिला आयुष विभाग ने जिले के नागरिकों से अपने परिवार सहित शिविर में पहुंचकर निःशुल्क चिकित्सा सेवाओं का लाभ लेने की अपील की है।



