
नगरी में उतरा ‘सेवा संकल्प’ : सांसद भोजराज नाग ने 175 दिव्यांगों को बांटे सहायक उपकरण
आंगनबाड़ियों को मिले स्मार्ट टीवी
रायपुर, प्रदेश में चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत नगरी स्थित श्री श्रृंगी ऋषि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में जिला स्तरीय जनकल्याणकारी निदान-3 शिविर का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन, समाज कल्याण विभाग और एनएसई फाउंडेशन (जयपुर) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर का मुख्य उद्देश्य अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक शासकीय योजनाओं और सेवाओं का सहज लाभ पहुंचाना रहा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे लोकसभा सांसद भोजराज नाग ने पोषण रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। अपने संबोधन में सांसद ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं की असली सार्थकता तभी है, जब उनका लाभ समय पर और पारदर्शी तरीके से अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। सेवा का भाव समाज के हर सक्षम व्यक्ति की जिम्मेदारी है।
शिविर में दिव्यांगजन सशक्तिकरण के तहत 175 दिव्यांगजन में से 44 के यूडीआईडी कार्ड और 18 के दिव्यांगता प्रमाण पत्र मौके पर ही बनाए गए। इसके अलावा 9 दिव्यांगों के लिए कृत्रिम अंग (नकली हाथ-पैर) तैयार करने की प्रक्रिया पूरी की गई। इसी तरह पात्र हितग्राहियों को 16 ट्राईसाइकिल, 13 व्हीलचेयर, 27 श्रवण यंत्र, 3 बैसाखी, 2 एल्बो क्रच, 7 वॉकिंग स्टिक और 1 वॉकर का निशुल्क वितरण भी किया गया।
आंगनबाड़ियों में डिजिटल शिक्षा
‘राइस मिलर्स एसोसिएशन, नगरी’ की सामाजिक सहभागिता से आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए स्मार्ट टीवी प्रदान किए गए, जिससे बच्चों को डिजिटल माध्यम से सीखने का अवसर मिलेगा। सांसद ने एसोसिएशन के प्रतिनिधियों को इस पहल के लिए सम्मानित किया।
महिलाओं व किशोरियों के लिए मासिक धर्म स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर ‘बाला प्रोजेक्ट’ के सहयोग से सैनिटरी पैड वितरित किए गए। इसी तरह रक्तदान शिविर के जरिए नागरिकों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित किया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा विशाल जांच शिविर लगाकर आधार एवं आयुष्मान कार्ड से जुड़ी सेवाएं मौके पर प्रदान की गईं।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों व प्रशासनिक अधिकारियों ने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे बहुविभागीय शिविर ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासन और जनता के बीच सीधे संवाद का सबसे सशक्त माध्यम हैं। एक ही छत के नीचे सभी समस्याओं का समाधान होना समग्र विकास की दिशा में बड़ा कदम है।जिला प्रशासन का प्रयास है कि ग्रामीणों को छोटे-छोटे शासकीय कार्यों के लिए भटकना न पड़े। सेवाओं को नागरिकों के घर-द्वार तक पहुंचाना हमारी प्राथमिकता है।जब जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठन और नागरिक एक साथ आते हैं, तब सेवा संकल्प अभियान जैसी पहल व्यापक जनहित का रूप ले लेती है।कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाली मितानिनों और सहयोगी संस्थाओं को भी सम्मानित किया गया।



