
सेवा संकल्प अभियान : आमाबेड़ा में जिला स्तरीय सेवा सेतु शिविर, 1,043 हितग्राहियों को मिला शासकीय योजनाओं का लाभ
सांसद भोजराज नाग ने कहा-सेवा सेतु के माध्यम से गांव तक पहुंच रही शासन की योजनाएं और सेवाएं
उत्तर बस्तर कांकेर, सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत बुधवार को अंतागढ़ विकासखंड के ग्राम आमाबेड़ा में जिला स्तरीय सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ मौके पर उपलब्ध कराया गया। शिविर में कुल 1,043 हितग्राही विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हुए। इस अवसर पर सेवा सेतु शिविर के साथ मेगा स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया।
शिविर में 143 किसानों को खसरा एवं बी-1, 42 हितग्राहियों को जाति प्रमाण पत्र, 47 को निवास प्रमाण पत्र तथा 46 हितग्राहियों को आय प्रमाण पत्र वितरित किए गए। अधिकार अभिलेख स्वामित्व योजना के तहत 103 हितग्राहियों को लाभ मिला। वहीं 36 हितग्राहियों को ईपीक कार्ड तथा 5 हितग्राहियों को राशन कार्ड प्रदान किए गए। समाज कल्याण विभाग द्वारा मुख्यमंत्री पेंशन योजना के तहत 20 हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। इनमें 10 हितग्राहियों को छड़ी एवं 5 हितग्राहियों को श्रवण यंत्र प्रदान किए गए। लखपति दीदी योजना के तहत 20 महिलाओं को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। वीबी-जी रामजी योजना के अंतर्गत 22 कार्यों के कार्यादेश प्रदान किए गए, जबकि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 07 हितग्राहियों को आवास की चाबी सौंपी गई। इसी प्रकार सहकारिता विभाग द्वारा 12 किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड, कृषि विभाग द्वारा 10 किसानों को रागी बीज, पशुधन विभाग द्वारा 07 हितग्राहियों को उन्नत बैकयार्ड कुक्कुट, स्वास्थ्य विभाग द्वारा 500 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड प्रदान किए गए। उद्यानिकी विभाग द्वारा 05 हितग्राहियों को फलदार पौधे, मत्स्य विभाग द्वारा 03 हितग्राहियों को जाल एवं आइस बॉक्स, श्रम विभाग द्वारा 02 हितग्राहियों को 20-20 हजार रुपये के चेक तथा शिक्षा विभाग द्वारा 03 दिव्यांग हितग्राहियों को व्हीलचेयर प्रदान की गई। सेवा सेतु शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न विभागों की सेवाएं एवं योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर मिला।
नक्सल प्रभावित क्षेत्र में विकास कार्यों को मिली गति – सांसद नाग
शिविर को संबोधित करते हुए सांसद श्री भोजराज नाग ने कहा कि आमाबेड़ा क्षेत्र नक्सलवाद से प्रभावित रहा है, जिसके कारण यहां विकास कार्य प्रभावित हुए। अब नक्सलवाद के समाप्त होने के साथ क्षेत्र में विकास कार्यों में तेजी आई है और शांति एवं विकास का वातावरण बन रहा है। उन्होंने कहा कि सेवा सेतु शिविर के माध्यम से विभिन्न विभाग ग्रामीणों के बीच पहुंचकर योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ दे रहे हैं। विभागीय अधिकारी शिविर में काउंटर लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुन रहे हैं तथा उनके निराकरण की दिशा में आवश्यक कार्रवाई कर रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, वय वंदन कार्ड, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना एवं किसान सम्मान निधि सहित विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए ग्रामीणों से शासन की योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। उन्होंने महिलाओं को स्व-सहायता समूहों से जुड़कर आत्मनिर्भर बनने, किसानों को जैविक खेती अपनाने तथा गोबर आधारित खाद एवं जैविक कीटनाशकों का उपयोग करने की सलाह दी। साथ ही ग्रामीणों से मुर्गीपालन, मछलीपालन एवं सुकरपालन जैसी गतिविधियों को अपनाकर अपनी आय बढ़ाने का आह्वान किया।
अंदरूनी क्षेत्रों में विकास कार्यों में आई तेजी – विधायक उसेंडी
अंतागढ़ विधायक श्री विक्रम उसेंडी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस को सेवा संकल्प अभियान के रूप में मनाया जा रहा है। इसी क्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सेवा सेतु शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। आमाबेड़ा में सेवा सेतु शिविर के साथ मेगा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। उन्होंने कहा कि वीबी-जी रामजी योजना के अंतर्गत लगभग 375 प्रकार के कार्य कराए जा सकते हैं, जिससे गांवों की मूलभूत समस्याओं के समाधान में मदद मिलेगी। नक्सलवाद समाप्त होने के बाद अंदरूनी क्षेत्रों में भी विकास कार्यों में तेजी आई है। उन्होंने बताया कि नवंबर माह से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रारंभ होगी। आमाबेड़ा क्षेत्र के नांगरबेड़ा सहित 13 ग्रामों में नए धान खरीदी केंद्र शुरू करने की अनुमति शासन द्वारा दी गई है। इन केंद्रों में धान खरीदी के लिए वीबी-जी रामजी योजना के अंतर्गत चबूतरा निर्माण सहित आवश्यक कार्य कराए जाएंगे।
विकास कार्यों में गुणवत्ता एवं समयबद्धता पर जोर
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री हरेश मंडावी ने शिविर को संबोधित करते हुए वीबी-जी रामजी योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक कार्यों के प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्य स्वीकृत होने के बाद विकास एवं निर्माण कार्य तत्काल प्रारंभ किए जाएं तथा सभी कार्य गुणवत्ता एवं नियमानुसार पूर्ण किए जाएं। उन्होंने बताया कि सभी विकासखंडों के 25-25 बड़े ग्रामों में धरसा निर्माण के कार्य भी स्वीकृत किए जा रहे हैं। इसके अलावा आंगनबाड़ी भवन, उचित मूल्य दुकान, स्कूलों में अतिरिक्त कक्ष एवं ग्राम पंचायत भवन सहित अन्य आवश्यक विकास कार्यों को भी स्वीकृति दी जा रही है।
कार्यक्रम को जनपद अध्यक्ष श्रीमती मनोरमा मंडावी ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्री कुबलसिंह भुसाखरे, अपर कलेक्टर एवं एसडीएम अंतागढ़ श्री जी.डी. वाहिले, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पंच-सरपंच एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।



